आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारी बारिश के चलते महाराष्ट्र के रायगढ़ में बुधवार रात चट्टान खिसकने से 48 घर तबाह हो गए। हादसे में 10 लोगों की मौत हुई है, जबकि 75 लोगों का रेस्क्यू किया गया। 120 से ज्यादा लोग अभी मलबे में दबे हैं।

इर्शालवाड़ी गांव में इन लोगों को रेस्क्यू करने के लिए NDRF की टीमें मौके पर तैनात है। मदद व पुनर्वासन मंत्री अनिल पाटिल ने कहा है कि अगर जरूरत पड़ी तो जख्मी लोगों को एयरलिफ्ट कराया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि मृतकों के परिवार को महाराष्ट्र सरकार की तरफ से 5 लाख की आर्थिक मदद दी जाएगी। साथ ही घायलों के इलाज का खर्च भी सरकार उठाएगी।

राज्य के 4 जिलों में इन दिनों बाढ़ जैसे हालात हैं। रायगढ़ जिले में 6 में से 3 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इनमें अंबा, सावित्री और पातालगंगा शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि कुंडलिका, गढ़ी और उल्हास नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। बाढ़ जैसे हालात के बीच राज्य में NDRF की 12 टीमें तैनात की गई हैं।

अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…

इन राज्यों में तेज बारिश होगी: पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी राजस्थान, पश्चिमी मध्यप्रदेश, पूर्वी मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पांडुचेरी, गोवा, कर्नाटक, केरल, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख।

इन राज्यों में हल्की बारिश होगी: अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, झारखंड बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम से जुड़े अपडेट्स…

मौसम विभाग ने देश के 20 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, 4 राज्यों में मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है।

देश में बाढ़-बारिश और इससे जुड़ी घटनाओं में 300 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं।

महाराष्ट्र के रत्नागिरि में चिपलून के कुंभार्ली घाट में चट्टान खिसक गई। कुछ मार्केट में पानी भर गया। वहीं, सतारा में पहाड़ टूटकर गिर गया।

मौसम विभाग ने पालघर और रायगढ़ में रेड अलर्ट जारी किया। वहीं ठाणे, मुंबई और रत्नागिरी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया।

महाराष्ट्र के पालघर में भारी बारिश के चलते आज सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को बंद रखने का ऐलान किया गया।

जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में बुधवार को बाढ़ और लैंडस्लाइड के कारण आठ लोगों की मौत हो गई।