आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: महात्मा गांधी के पड़पोते तुषार गांधी ने हिंदूवादी नेता संभाजी भिड़े के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। श्री शिवप्रतिस्ठान हिंदुस्तान के संस्थापक अध्यक्ष मनोहर उर्फ संभाजी भिड़े को उनके समर्थक भिड़े गुरुजी कहते हैं।

उन्होंने हाल ही में अमरावती में आयोजित सभा में महात्मा गांधी पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। विदर्भ के दौरे पर आए भिड़े ने अमरावती के बडनेरा रोड इलाके में भारत मंगल हॉल में एक सभा में कहा था कि मोहनदास करमचंद गांधी के पिता मुस्लिम जमींदार थे।

इस पर नाराजगी जताते हुए तुषार गांधी ने पुणे के डेक्कन पुलिस स्टेशन को दी शिकायत में कहा- भिड़े का बयान गांधी परिवार की महिलाओं का अपमान है। यह गांधी परिवार की सभी पीढ़ियों का अपमान है।

भिड़े ने न केवल बापू के खिलाफ अपमानजनक बयान दिया है, बल्कि उनके परिवार के खिलाफ भी अपमानजनक टिप्पणी की है। उन्होंने आरोप लगाया- महाराष्ट्र के गृह मंत्री ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन ऐसा लगता है कि अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।