आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/ आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो प्रोग्राम मन की बात का 100वां एपिसोड रविवार 30 अप्रैल को प्रसारित होगा। कार्यक्रम की शुरुआत 3 अक्टूबर, 2014 को हुई थी।प्रसार भारती ने 100वें एपिसोड का जश्न मनाने के लिए बुधवार को ‘मन की बात@100′ कॉन्क्लेव का आयोजन किया। इस मौके पर एक स्मारक सिक्का, डाक टिकट और कॉफी टेबल बुक जारी की गई।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ कॉन्क्लेव में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए, जबकि सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर गेस्ट ऑफ ऑनर रहे। इस कार्यक्रम में बॉलीवुड एक्टर आमिर खान और रवीना टंडन और इंडियन पैरा एथलीट दीपा मलिक भी शामिल हुईं।

आमिर ने कहा- पीएम का इनिशिएटिव बेहतरीन

मन की बात कॉन्क्लेव में एक्टर आमिर खान ने पीएम मोदी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मन की बात प्रोग्राम संवाद का बेहतरीन तरीका है। इस प्रोग्राम का जनता पर बहुत प्रभाव पड़ता है। संवाद के जरिए नेतृत्व कैसे किया जाता है, ये मन की बात सुनकर पता चलता है।

इसके जरिए पीएम जनता से अहम मुद्दों पर चर्चा करते हैं, अपने विचार रखते हैं और उन्हें सलाह भी देते हैं। इस तरह आप बातचीत के जरिए नेतृत्व करते हैं। आप बताते हैं कि भविष्य को आप कैसे देखते हैं और उसमें किस तरह जनता का सहयोग चाहते हैं।