आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय कफ सीरप को एक जून से लैब में टेस्टिंग के बाद ही एक्सपोर्ट किया जा सकेगा। इसको लेकर विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने सोमवार को एक अधिसूचना जारी की। नोटिफिकेशन के मुताबिक, बिना जांच और प्रमाण के कफ सिरप को निर्यात नहीं किया जा सकेगा।
दिल्ली के पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत 1 जून तक बढ़ी
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने आप नेता और दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत 1 जून तक बढ़ा दी है। साथ ही जेल अधिकारियों को निर्देश दिया कि सिसोदिया ने पढ़ाई के लिए जो टेबल और कुर्सी की मांग की है। उनके अनुरोध पर विचार किया जाए।
पीएम मोदी डिग्री केस में केजरीवाल और संजय सिंह को नया समन जारी
पीएम मोदी के डिग्री वाले केस में गुजरात कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह को नया समन जारी किया है। अब अगली सुनवाई 7 जून को होगी। इससे पहले कोर्ट ने केजरीवाल और संजय सिंह को 15 अप्रैल को अदालत में पेश होने के लिए कहा था। मगर उस समन में बहुत स्पष्टता नहीं थी, इसलिए कोर्ट ने नया समन जारी किया।
मुंबई को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले को पुलिस ने हिरासत में लिया
मुंबई पुलिस ने उस शख्स को हिरासत में ले लिया है जिसने मुंबई को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। इस शख्स ने पहले ट्विटर पर पोस्ट किया- मैं बहुत जल्दी मुंबई को बम से उड़ाने वाला हूं। इसके बाद पुलिस पुलिस को सोमवार सुबह 11 बजे धमकी मिली। पुलिस ने तुरंत इस मामले में जांच शुरू कर शख्स का पता लगाया। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
नागपुर-पुणे हाईवे पर बस और ट्रक की टक्कर में 7 लोगों की मौत, 13 घायल
महाराष्ट्र के बुल्ढाणा में नागपुर-पुणे हाईवे पर बस और ट्रक की टक्कर में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हुए। बस पुणे से महकर जा रही थी, जब उसे सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, बीती रात 11 बजे महाराष्ट्र के अमरावती जिले में एक तेज रफ्तार ट्रक ने SUV कार को टक्कर मार दी थी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि सात घायल हो गए। ये हादसा मुंबई से लगभग 650 किलोमीटर दूर अमरावती में दरियापुर-अंजनगांव रोड पर हुआ। अधिकारी ने कहा कि सभी लोग फैमिली फंक्शन में शामिल होने के बाद दरियापुर लौट रहे थे।