आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पुणे में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) की तीन दिवसीय अखिल भारतीय समन्वय बैठक गुरुवार 14 सितंबर से शुरू होगी। इसमें RSS प्रमुख मोहन भागवत और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल होंगे। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की भी संभावना है।

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, समन्वय बैठक में देश की सामाजिक-आर्थिक स्थिति पर चर्चा होगी। भाजपा, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, विश्व हिन्दू परिषद, भारतीय किसान संघ, भारतीय मजदूर संघ सहित RSS से मान्यता प्राप्त लगभग 36 संगठन और 266 पदाधिकारी बैठक में भाग लेंगे।

पिछले साल छत्तीसगढ़ में हुई थी बैठक

RSS के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मोहन भागवत के अलावा संघ महासचिव दत्तात्रेय होसबले भी बैठक में शामिल होंगे।

इसमें देश के प्रमुख मुद्दों के अलावा एन्वायर्नमेंट फ्रेंडली लाइफ स्टाइल, लाइफ-वेल्यू बेस्ड फैमिली सिस्टम सहित कई विषयों पर बातचीत होगी।

सुनील आंबेकर ने बताया कि RSS की अखिल भारतीय समन्वय बैठक हर साल आयोजित होती है। RSS से जुड़े संगठन समान उद्देश्य और लक्ष्य लेकर काम करते हैं। बैठक में सामूहिक कार्यों पर भी चर्चा होती है।

मोहन भागवत बोले- जाति भगवान ने नहीं पंडितों ने बनाई

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि जाति भगवान ने नहीं बनाई है, जाति पंडितों ने बनाई जो गलत है। भगवान के लिए हम सभी एक हैं। हमारे समाज को बांटकर पहले देश में आक्रमण हुए, फिर बाहर से आए लोगों ने इसका फायदा उठाया।

भागवत बोले-जब तक समाज में भेदभाव रहेगा, आरक्षण रहना चाहिए

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने बुधवार 6 सितंबर को कहा कि हमारे समाज में आज भी भेदभाव मौजूद है। जब तक ये असमानता बनी रहेगी, तब तक आरक्षण भी जारी रहना चाहिए। हम संविधान में दिए गए आरक्षण को पूरा समर्थन देते हैं।

भागवत ने यह भी कहा कि अखंड भारत या अविभाजित भारत का सपना आज के युवाओं के बूढ़े होने से पहले सच हो जाएगा, क्योंकि 1947 में भारत से अलग होने वाले लोग अब महसूस कर रहे हैं कि उन्होंने गलती की।