आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली सेवा अधिनियम बिल और डेटा प्रोटेक्शन बिल को मंजूरी दे दी है। इसी के साथ अब यह कानून बन गए। दिल्ली सेवा बिल राजधानी में अफसरों की ट्रांसफर-पोस्टिंग में जुड़ा बिल है। वहीं डेटा प्रोटेक्शन बिल यूजर्स को ऑनलाइन फ्रॉड से बचाने के लिए लाया गया।
पीएम ने कहा- विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव में डरा, वोटिंग होती तो घमंडिया की पोल खुल जाती
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल के हावड़ा में हो रहे भाजपा के पंचायती राज परिषद कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए शामिल हुए। पीएम ने बंगाल में हिंसा, मणिपुर में जारी हिंसा पर विपक्ष के रवैये और अपने 9 साल के कार्यकाल पर बात की। मोदी ने कहा- मणिपुर हिंसा पर हम संसद में शुरू से चर्चा करने के पक्ष में थे। लेकिन विपक्ष के लोग सिर्फ राजनीति करना चाहते थे। वे चर्चा से भाग गए।
पीएम ने आगे कहा, विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव में डरा है। वोटिंग होती तो घमंडिया की पोल खुल जाती। प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान होने वाली हिंसा पर भी बात की। उन्होंने कहा- यहां TMC की सरकार सिर्फ हिंसा के जरिए चुनाव जीतना चाहती है। ऐसे माहौल में भी बंगाल में भाजपा लगातार जीत रही है।
आज की अन्य प्रमुख खबरें…
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में दो आतंकी ढेर, एक घायल; हथियार और गोला-बारूद बरामद
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में केच जिले के मजाबंद रेंज इलाके में पाकिस्तानी सेना ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया। मुठभेड़ में एक आतंकी घायल हो गया। डॉन ने पाकिस्तान के सैन्य मीडिया विंग का हवाला देते हुए बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर यह ऑपरेशन 10-11 अगस्त को चलाया गया था। आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है।
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में CRPF जवान ने सुसाइड की
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के अवंतीपोरा में एक CRPF जवान ने सुसाइड कर ली। जवान ने ड्यूटी के दौरान खुद को गोली मारकर आत्महत्या की। जवान की पहचान एफ/112 स्पिलंटर कंपनी के अजय कुमार के रूप में हुई है।
महाराष्ट्र की उल्हास नदी में डूबे दो युवक, पानी के तेज बहाव में बहे
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में शुक्रवार को उल्हास नदी में दो युवक डूब गए। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 11.30 बजे, सलमान पुरकन अंसारी (24) और सरफराज असलम अंसारी (28) नहाने के लिए नदी पर गए थे।
सरफराज तैरने के लिए नदी में कूदा लेकिन तेज बहाव के कारण बह गया। सरफराज को बहता देख सलमान ने भी पानी में छलांग लगा दी और वो भी बह गया। दोनों युवकों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।