आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मनी लॉन्ड्रिंग के केस में तिहाड़ जेल में बंद आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन को सोमवार को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती किया गया है। AAP के सूत्रों ने बताया कि सत्येंद्र जैन की तबीयत बिगड़ गई है।

सत्येंद्र जैन 31 मई 2022 से हिरासत में हैं। 6 अप्रैल को दिल्ली हाईकोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी।

वकील अभिषेक एम सिंघवी ने सत्येंद्र जैन की गिरती सेहत का हवाला दिया था। सिंघवी ने कहा था कि वो आदमी कंकाल हो गया है, जेल में 35 किलो वजन घट गया है। सेहत लगातार बिगड़ रही है और उनका केस वेटिंग लिस्ट में 416 नंबर पर है।

केजरीवाल बोले- सत्येंद्र के बेहतर स्वास्थ्य के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं

दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया- ‘सत्येंद्र जैन जी के बेहतर स्वास्थ्य के लिए मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं। बीजेपी सरकार के इस अहंकार और ज़ुल्म को दिल्ली और देश के लोग अच्छे से देख रहे हैं। भगवान भी इन अत्याचारियों को कभी माफ़ नहीं करेंगे। इस संघर्ष में जनता हमारे साथ है, ईश्वर हमारे साथ हैं, हम सरदार भगत सिंह जी के चेले हैं। ज़ुल्म, अन्याय और तानाशाही के खिलाफ हमारी ये लड़ाई जारी रहेगी।’

वेकेशन बेंच में हो सकती है जैन के केस की सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट में गर्मी की छुटि्टयां शुरू हो चुकी हैं। जैन के वकील ने कहा था कि उन्हें वेकेशन बेंच में सुनवाई की छूट दी जाए। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें वेकेशन बेंच में जाने की परमिशन दी थी। जस्टिस एएस बोपन्ना और हिमा कोहली की बेंच ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में सत्येंद्र की याचिका पर ED को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

जानिए क्या है सत्येंद्र जैन से जुड़ा मामला

इन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) ने 24 अगस्त 2017 को CBI की तरफ से दर्ज की गई FIR को आधार बनाकर जैन के खिलाफ मनी-लॉन्ड्रिंग मामले में जांच शुरू की थी। सत्येंद्र जैन ने 14 फरवरी 2015 से 31 मई 2017 तक कई लोगों के नाम पर चल संपत्तियां खरीदी थीं। जिसका वे संतोषजनक हिसाब नहीं दे सके थे। उनके साथ पूनम जैन, अजित प्रसाद जैन, सनील कुमार जैन, वैभव जैन और अंकुश जैन के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया था।