आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बिहार के भोजपुर में गुरुवार रात ताजिया जुलूस के दौरान जमकर बवाल हुआ। ताजिया निकालने के दौरान एक ज्वेलरी शॉप की छत से भगवा झंडा लहराया गया। थोड़ी देर बाद कुछ लोगों ने पथराव कर दिया।

इसके बाद ताजिया निकाल रहे लोगों ने भी पथराव शुरू कर दिया। इसमें 6 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। ड्यूटी पर तैनात टाउन थानाध्यक्ष संजीव कुमार सहित 6 पुलिस वालों को भी चोट आई है।

पुलिस ने ज्वेलरी शॉप के मालिक और उसके भाई को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों ने शराब पी रखी थी। एक भगवा झंडा भी बरामद किया गया है।

ये पूरा विवाद आरा शहर के टाउन थाना क्षेत्र के शीश महल चौक पर हुआ। जहां गुरुवार रात एक ज्वेलरी दुकान की छत से असामाजिक तत्वों ने नीचे खड़ी महिलाओं और बच्चों पर पथराव किया। इसके बाद देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दूसरे तरफ से भी पत्थरबाजी होने लगी। इस दौरान मौके पर भगदड़ मच गई।

पत्थरबाजी के दौरान ताजिया जुलूस देखने आईं महिलाएं, बच्चे सहित सभी लोग दौड़कर इधर-उधर भागने लगे। देखते ही देखते आसपास के इलाके में सन्नाटा छा गया। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों का आक्रोश भड़क उठा।

घटना की सूचना मिलते ही भोजपुर डीएम राज कुमार, एसडीएम ज्योति नाथ सहदेव, एसपी प्रमोद कुमार और एएसपी चंद्र प्रकाश मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि अभी स्थिति सामान्य है। वहीं मामूली रूप से घायल सभी पुलिस कर्मियों का इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया गया।

चेहल्लुम के मौके पर गुरुवार की रात शहर के कई इलाकों से ताजिया जुलूस निकाला गया था। जिसे देखने के लिए शहर के सभी जगहों की महिलाएं, बच्चे और अन्य लोग शीश महल चौक पर इकट्ठे हुए थे। जैसे ही ताजिया जुलूस शीश महल चौक होते हुए गोपाली चौक की ओर बढ़ रहा था। उसी दौरान शीश महल चौक स्थित ज्वेलरी दुकान की छत पर मौजूद चार की संख्या में असामाजिक तत्वों ने पहले झंडा दिखाया, उसके बाद ताजिया जुलूस के ऊपर पथराव कर दिया।

बेटी के साथ ताजिया देखने आया था..सिर पर ईंट लगी

स्थानीय थाना क्षेत्र के काजी टोला मोहल्ले के रहने वाले मोहम्मद फैसल अली ने बताया कि वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ताजिया जुलूस दिखाने के लिए शीश महल चौक पर आया था। शीश महल पर लगे ठेले से नारियल की मिठाई खरीद रहा था। तभी अचानक उसके सिर पर ईंट आ गिरी। जिससे उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।