आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : तमिलनाडु के सलेम में बुधवार, 6 सितंबर अलसुबह एक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। घटना का वीडियो सड़क किनारे लगे CCTV फुटेज में कैद हो गया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, सलेम-कोयंबटूर नेशनल हाईवे पर एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान सुबह करीब 4 बजे पेरुन्थुराई की ओर जा रही एक तेज रफ्तार वैन पीछे की तरफ से ट्रक में टकरा गई।
मृतकों में एक साल का बच्चा भी शामिल
हादसे के वक्त वैन में आठ लोग मौजूद थे। सभी ईरोड जिले के ईगुंर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए।
मृतकों में पांच लोगों की पहचान सेल्वराज, मंजुला, अरुमुगम, पलानीसामी, पप्पाथी के रूप में की गई। इनके अलावा एक साल के बच्चे की भी हादसे में मौत हो गई।
पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
बालासोर हादसे के 94 दिन बाद भी 28 शवों की पहचान नहीं; अधिकारी बोले- 10 दिन से कोई नहीं आया
ओडिशा के बालासोर ट्रेन हादसे में जान गंवाने वाले 28 लोगों की 94 दिन बाद भी पहचान नहीं हो सकी है। AIIMS भुवनेश्वर के मेडिकल सुपरिन्टेंडेंट दिलीप परिदा ने सोमवार (4 सितंबर) को इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद अस्पताल में 162 शव लाए गए थे। इनमें से 134 शवों का DNA परिजन से मैच हो गया। इसके बाद शव उन्हें सौंप दिए गए। हालांकि, पिछले 10 दिनों से शवों की पहचान के लिए कोई नहीं आया है। मुझे लगता है कि अब कोई आएगा भी नहीं
महाराष्ट्र में होटल में घुसा कंटेनर, 38 को कुचला; इनमें 10 की मौत
महाराष्ट्र के धुले में मंगलवार, 4 जुलाई की सुबह मुंबई-आगरा हाईवे पर ब्रेक फेल होने की वजह से एक कंटेनर होटल में जा घुसा। हादसे में 38 लोग कंटेनर की चपेट में आ गए।
इनमें 10 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 लोग घायल हैं। घटना का एक CCTV फुटेज भी सामने आया, जिसमें देखा गया कि तेज रफ्तार कंटेनर अपने आगे चल रही एक कार को रौंदता हुआ सड़क किनारे एक होटल में जा घुसता है।