आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल को पीएमएलए कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आज उनकी ईडी हिरासत खत्म होने के बाद उन्हें मुंबई में विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेश किया गया था। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 1 सितंबर को ED ने मुंबई ऑफिस में पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया था। उन पर 538 करोड़ रुपए के घोटाला का आरोप है।

मनोज जरांगे पाटिल ने अनशन तोड़ा, मराठा आरक्षण की मांग को लेकर 17 दिनों से धरने पर बैठे थे

मनोज जरांगे पाटिल ने आखिरकार अपना अनशन तोड़ा। मराठा आरक्षण की मांग को लेकर वे जालना जिले के एक गांव में पिछले 17 दिनों से अनशन कर रहे थे। आज मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे पाटिल और महाराष्ट्र कैबिनेट के कई मंत्रियों ने जाकर पाटिल का अनशन खत्म कराया।

चुनाव आयोग ने ओडिशा को 3 लाख 45 हजार मृत लोगों के नाम वोटर्स लिस्ट से हटाने के निर्देश दिए

चुनाव आयोग ने ओडिशा को 3 लाख 45 हजार मृत लोगों के नाम वोटर्स लिस्ट से हटाने के निर्देश दिए हैं। भुवनेश्वर में चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर निकुंज बिहारी ढल ने बुधवार को 30 जिला अधिकारियों के साथ मीटिंग की और वोटर्स लिस्ट में सुधार को लेकर कई निर्देश दिए।

चुनाव आयोग ने जिला अधिकारियों से लोगों को ऑनलाइन ऐप की मदद से वोटर्स लिस्ट में सुधार के लिए जागरूक करने को कहा है। ओडिशा में अगले साल मार्च-अप्रैल में विधानसभा चुनाव होंगे।आशंका जताई गई कि चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने अधिकारियों के साथ यह मीटिंग की थी। हांलाकि, अधिकारियों ने इसे रूटीन एक्सरसाइज बताया।

दिल्ली में मेनहोल में घुसे दो लोगों की मौत, केबल चुराने के लिए अंदर गए थे

दिल्ली में मेनहोल में घुसे दो लोगों की जहरीली गैस के चलते मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि दोनों केबल चुराने के लिए मेनहोल में उतरे थे। एक की पहचान जामिया नगर के रहने वाले सलीम के रूप में हुई है। सलीम पर 12 आपराधिक मामले दर्ज थे। दूसरे शख्स की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। दोनों शवों को एम्स दिल्ली की मॉर्चुरी में रखा गया है।

पाकिस्तान के राष्ट्रपति अल्वी ने चुनाव आयोग से कहा- 6 नवंबर को चुनाव हों

पाकिस्तान के राष्ट्रपति डॉ आरिफ अल्वी ने बुधवार को आम चुनाव की तारीख का एकतरफा ऐलान कर दिया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त सिकंदर सुल्तान राजा को पत्र लिखकर कहा है कि चुनाव 6 नवंबर को होने चाहिए। हालांकि, पाकिस्तान का चुनाव आयोग राष्ट्रपति की सलाह को मानने के लिए बाध्य नहीं है।

पत्र में राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने 9 अगस्त को प्रधानमंत्री की सलाह पर नेशनल असेंबली को भंग कर दिया था। संविधान के अनुच्छेद 48 (5) के तहत अब आम चुनाव 90 दिन में होना चाहिए।