आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: मैदानों में बारिश के अते- पते नहीं हैं और सावन बीता जा रहा है। उधर हिमाचल में जो बादल गीले पैरों पर चलते-चलते सामने वाली पहाड़ी के कंधों पर बिखरी हुई धूप चुना करते थे, वही बादल अब पहाड़ों पर फट पड़े हैं। इन पहाड़ी इलाक़ों में नदियाँ अपना रास्ता बदल रही हैं।
उन रास्तों पर लोगों ने जो घर बांधे थे, वे ज़मींदोज़ हो रहे हैं। लोगों के रहने का ठिकाना नहीं रहा। उनका माल- असबाब सब बिखरकर नदी के साथ हो लिया और हम मैदानी इलाक़ों वाले, दूर बैठकर केवल उस तबाही के दृश्य भर देखने पर विवश हैं। मैदानी इलाक़ों में आएँ तो वही बादल भूरे पड़ चुके हैं। लग रहा है जैसे उनके मुँह पर कोई हल्दी पोत गया है।
मौसम से याद आया, इधर कुछ राज्यों में भर सावन में एक अलग ही मौसम आ पड़ा है। चुनावी मौसम। नूंह हो या कोई और इलाक़ा, सुनसान-सी एक हवा बह रही है। हर तरफ़। सांय- सांय। ये हवा सारे शहर को बयां करती फिरती हैं। सबको तलाश है। सबको कसक है। दर्द की जड़ को खोजने की। दर्द तो दिखता है। यदा-कदा। यहां-वहाँ। लेकिन इसकी जड़ दिखाई नहीं देती।
इस चुनावी मौसम में वो माहौल हवा हो जाता है जो कभी हमें गुदगुदाता था। सुबह की नाज़ुक धूप जैसे दरिया के पानी पर गिरती थी! हल्की सुस्त सी हवा, शाख़- शाख़ पौधों को जगाती थी। जब दौड़ते थे दरिया, समुंदरों की तरफ़, काले आसमान में जब सितारे चटखते थे, हर किसी की आँखों में रोशनी जाग जाती थी।
ये सब बातें अब केवल ख़्यालों में रह गईं हैं। चुनाव होते ही ऐसे हैं। हर तरफ़ एक अजीब सी तपन। एक चीख। एक पुकार। तम और ग़म भरे बादलों की तरह। जैसे बारिश वाले बादल मैदानी इलाक़ों में सुस्त और सुप्त पड़े हैं, वैसे ही राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी लोग यानी आम मतदाता सुस्त ही हैं।
कोई उनकी रुचि या प्रसन्नता नहीं देख रहा। केवल नेता लोग तीव्रता की हद तक सक्रिय हो चुके हैं। कुछ राजनीतिक दलों ने तीन महीने पहले ही कुछ टिकट जारी कर दिए हैं। नेताओं की सक्रियता का ये भी बड़ा कारण है।
कोई मौजूदा प्रत्याशी का विरोध कर रहा है। कोई दूसरे का टिकट कटवाकर अपने लिए संघर्ष में जुट गया है। पता है कुछ बदलने वाला नहीं है। फिर भी लगे हैं संघर्ष में। यह सोचकर कि आख़िर प्रयास तो किए ही जा सकते हैं। इससे भला कोई किसी को कैसे रोक सकता है?
टिकटों के विरोधों को देखकर लगता है कांग्रेस की शैली अब भाजपा में भी आ चुकी है। दरअसल जो भी राजनीतिक दल बड़ा हो जाता है, कांग्रेस के गुण उसमें आ ही जाते हैं। एक जमाना था जब कांग्रेस में बग़ावती सुर यहाँ-वहाँ पसरे रहते थे, लेकिन भाजपा में ऐसा नहीं होता था। अब माहौल बदल चुका है।