आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : गुजरात पुलिस के एंटी टेररिस्ट स्कॉड (ATS) ने पोरबंदर से एक विदेशी नागरिक और एक महिला समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। ATS सूत्रों के मुताबिक, चारों के अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठन ISIS से लिंक हैं। महिला के पास से चार मोबाइल और अन्य डिजिटल डिवाइसेज भी बरामद की गई हैं।

ISIS को दे रहे थे गुजरात की जानकारी

सभी आरोपियों के पाकिस्तान से कनेक्शन का खुलासा हुआ है। चारों ISIS को गुजरात की जानकारी दे रहे थे। ATS पिछले कई दिनों से पोरबंदर और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही है। इसी ऑपरेशन के तहत इन चारों लोगों की गिरफ्तारी हुई है।

ISIS में शामिल होने का बना रहे थे प्लान

जांच में पता चला कि गिरफ्तार किए गए लोग ISIS के आतंकी मॉड्यूल का हिस्सा थे। पिछले एक साल से वे एक-दूसरे के संपर्क में थे और आतंकी संगठन में शामिल होने के लिए देश से भागने की योजना बना रहे थे।

यह संगठन ISIS के मॉड्यूल पर काम कर रहा था। आरोपी सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टरपंथी बनाने का काम कर रहे थे।

दो दिन पहले द्वारका पहुंची थीं टीमें

IG दीपेन भद्रन, SP सुनील जोशी, DSP के.के. पटेल, DSP शंकर चौधरी समेत कई पुलिस अधिकारियों की टीमें दो दिन से द्वारका में डेरा डाले हुई थीं।

शुरुआत में मीडिया को यही जानकारी दी गई थी कि द्वारका के समुद्री तट पर भारी मात्रा में ड्रग्स और हेरोइन का जत्था पहुंचा है। द्वारका से टीमें गुपचुप तरीके से पोरबंदर रवाना हो गई थीं, जहां इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

12 दिन पहले MP में पकड़े गए थे तीन संदिग्ध

पोरबंदर से पहले 26-27 मई को NIA और मध्यप्रदेश ATS ने एक जॉइंट ऑपरेशन चलाया था। जिसमें MP से तीन लोगों को अरेस्ट किया गया था। तीनों पर ISIS से जुड़े आतंकी मॉड्यूल पर काम करने का आरोप है। टीम ने जबलपुर में 13 जगहों पर छापेमारी की थी।

धारदार हथियार और गोला-बारूद बरामद

MP में अरेस्ट किए गए इन तीनों की पहचान सैयद ममूर अली, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद आदिल खान के तौर पर की गई थी। इनके पास से धारदार हथियार, आपत्तिजनक कागजात, गोला-बारूद और डिजिटल टूल बरामद हुए थे, जिन्हें जब्त कर लिया गया था।