आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने जन्मदिन पर पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया को याद किया। उन्होंने कहा- आज मेरा जन्मदिन है। कई लोग शुभकामनाएं भेज रहे हैं। सबका धन्यवाद। मैं मनीष को मिस कर रहा हूं। वे एक झूठे केस में जेल में बंद हैं।
केजरीवाल ने कहा- चलिए आज हम सब शपथ लेते हैं कि भारत के सभी बच्चे को क्वॉलिटी एजुकेशन देने के लिए अपनी क्षमता के अनुसार हर संभव कोशिश करेंगे। इससे भारत को नंबर वन देश बनाने के हमारे सपने को साकार करने में मदद मिलेगी। इससे मनीष भी खुश होंगे।
दिल्ली शराब नीति मामले में मनीष सिसोदिया छह महीने से तिहाड़ जेल में बंद हैं। उन्हें 26 फरवरी को गिरफ्तार किया था। उनके खिलाफ ED और CBI अनियमितता के मामले की जांच कर रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अरविंद केजरीवाल को जन्मदिन की बधाई दी
अरविंद केंजरीवाल आज 55 साल के हो गए हैं। उनके बर्थडे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया ऐप एक्स (पुराना नाम ट्विटर) पर बधाई दी। PM ने लिखा- दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं उनकी लंबी आयु और बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं।
इसके अलावा पंजाब के CM भगवंत मान, तमिलनाडु CM एमके स्टालिन, बिहार के डिप्टी CM तेजस्वी यादव सहित कई नेताओं ने भी केजरीवाल को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।
दो महीने पहले स्कूल के उद्घाटन पर सिसोदिया को याद कर भावुक हुए थे CM
जून में दिल्ली के कार्यक्रम में केजरीवाल सिसोदिया को याद करके भावुक हुए थे। वे बवाना में बीआर आंबेडकर स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सिलेंस का उद्घाटन करने पहुंचे थे। वहां उन्होंने कहा कि आज मनीष जी की बड़ी याद आ रही है। इतना कहते ही केजरीवाल की आंखों में आंसू आ गए।
केजरीवाल ने कहा कि मनीष का सपना था कि हर बच्चे को अच्छी से अच्छी शिक्षा मिलनी चाहिए। लेकिन इन लोगों ने झूठे-सच्चे आरोप, फर्जी मुकदमे करके इतने अच्छे आदमी को इतने महीनों से जेल में डाल रखा है।
मनीष सिसोदिया से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…
AAP बोली- दिल्ली पुलिस ने सिसोदिया से बदसलूकी की:मीडिया से मनीष ने PM को अहंकारी कहा, तो पुलिस ने कॉलर पकड़कर खींचा
मई में आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली पुलिस पर पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया के साथ बदसलूकी करने का आरोप लगाया था। पार्टी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया, जिसमें राउज एवेन्यू कोर्ट के अंदर पुलिस सिसोदिया को लेकर जाती दिख रही है।
इसी दौरान मीडियाकर्मी सिसोदिया से केंद्र के अध्यादेश को लेकर सवाल पूछने लगते हैं। सिसोदिया इसके जवाब में कहते हैं कि प्रधानमंत्री में अहंकार आ गया है। उनके इतना कहते ही पुलिस ने उन्हें आगे बोलने से रोक दिया और गर्दन के पीछे से कॉलर पकड़कर खींचकर ले गई।
मनीष सिसोदिया ने जेल में PM मोदी पर लिखी कविता:गरीब को मिली किताब तो नफरत कौन फैलाएगा, चौथी पास राजा का राजमहल हिल जाएगा