आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : चूना पत्थर ले जा रही एक मालगाड़ी के कई डिब्बे ओडिशा के बरगढ़ जिले के सांभरधारा के पास पटरी से उतर गए। ट्रेन डूंगरी से बरगढ़ जा रही थी। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। यह हादसा बालासोर के पास 3 दिन पहले हुए हादसे बाद हुआ है, जहां 280 लोगों की मौत हो गई थी।
हालांकि ईस्ट कोस्ट रेलवे ने बयान जारी किया है कि यह पूरी तरह से एक निजी सीमेंट कंपनी की नैरो गेज साइडिंग है। कंपनी ही रोलिंग स्टॉक, इंजन, वैगन, ट्रेन ट्रैक (नैरो गेज) समेत सभी बुनियादी ढांचे का रखरखाव करती है।
आज की अन्य प्रमुख खबरें…
BSF जवानों ने वाघा-अटारी बॉर्डर पर पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया
सीमा सुरक्षा बल ( BSF) के जवानों ने सोमवार को अटारी-वाघा बॉर्डर के पार नशीले पदार्थों को ले जा रहे एक पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया। अधिकारियों के अनुसार, ड्रोन भारतीय हवाई क्षेत्र का उल्लंघन कर रहा था, जिसे मार गिराया गया है। ड्रोन से 3.2 किलोग्राम की ड्रग्स भी जब्त की गई है।
दक्षिण अफ्रीका के डरबन में मेंस हॉस्टल में गोलीबारी की वारदात में 8 लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। हादसा शनिवार को उमलाजी टाउनशिप में हुआ। पुलिस ने बताया कि कई शूटर बंदूक लेकर सीधे हॉस्टल में दाखिल हुए और फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि हॉस्टल के एक कमरे में 12 लोग शराब पी रहे थे, जब कई लोग बंदूक लेकर उनके कमरे में घुसे और फायरिंग की। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। वारदात में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने रविवार को दम तोड़ा। दो घायलों में से एक शख्स ने खुद को बचाने के लिए खिड़की से छलांग लगा दी, जबकि दूसरे को गोली लगी। वहीं, दो लोगों इस वारदात में सुरक्षित रहे।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने रविवार को जम्मू-कश्मीर की भादरवाह घाटी में दो दिनी लैवेंडर फेस्टिवल का उद्घाटन किया। इस फेस्टिवल में घाटी में लैवेंडर की खेती में मिली सफलता और उसके प्रभाव को दिखाया जाएगा। इसका आयोजन काउंसिल ऑफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च- इंडियन इंस्टीट्यूट आॉफ इंटिग्रेटिव मेडिसिन (CSIR-IIIM) ने किया है।