आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ नेशनल हाईवे (NH-7) का 50 मीटर का हिस्सा बह गया। शुक्रवार को हुई भारी बारिश के बाद लांबगढ़ नाले में जलस्तर बढ़ गया था, जिसके चलते हाईवे का हिस्सा बहा।
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में चौरा के पास लैंडस्लाइड होने के चलते नेशनल हाईवे-5 ब्लॉक हो गया। हाईवे पर कई दूसरी जगहों पर भी लैंडस्लाइड हुई हैं।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में सुबह करीब चार बजे से जोरदार बारिश हो रही है, इसके चलते कई क्षेत्रों में एक-एक फीट तक पानी भर गया है। जयपुर से चलने वाली कई ट्रेनों को भी रद्द किया गया है।
उधर, जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में अचानक बाढ़ आने से नाले पर बना एक फुटब्रिज टूट गया। यह पुल रामनगर तहसील के तीन ब्लॉक को आपस में जोड़ता था। पुल के टूटने से लोगों को अपनी जान खतरे में डालकर नाला पार करना पड़ रहा है।
इन राज्यों में तेज बारिश होगी: हिमाचल, हरियाणा, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात, गोवा, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश।
इन राज्यों में हल्की बारिश होगी: झारखंड और मेघालय में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
बारिश की संभावना नहीं: जम्मू-कश्मीर, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, केरल, तमिलनाडु में बारिश की संभावना नहीं है।
5 दिनों तक 6 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर भारत के राज्यों दिल्ली, पंजाब, हिमाचल और चंडीगढ़ के बाद पूर्वी राज्यों में भारी बारिश की संभावना है। अगले पांच दिनों के लिए 6 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
UP, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश में 29, 30 और 31 जुलाई को तेज बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं अगस्त के पहले हफ्ते में भी पूर्वी राज्यों में सूखे से निजात मिलेगी।
राजस्थान में फिर एक्टिव हुए मानसून का असर अब दिखने लगा है। जयपुर से लेकर कोटा-झालावाड़ तक हो रही लगातार बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इसके अलावा सीकर के फतेहपुर, श्रीमाधोपुर और लोसल में भी बारिश जारी है।
जोधपुर में भी शुक्रवार को बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया। यहां देर रात नागौरी गेट क्षेत्र में नया तालाब के समीप पहाड़ों से शुक्रवार देर रात लैंड स्लाइडिंग हुई। दो मकानों की छत पर पहाड़ों से आकर पत्थर गिरे। हालांकि, जनहानि की कोई जानकारी नहीं है।
हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में आज भी तेज बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने आज के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।