आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : उत्तराखंड के चमोली में शनिवार सुबह लैंडस्लाइड हुई। चमोली में बीते 3 दिनों में दूसरी बार लैंडस्लाइड की घटना हुई है। इससे पहले 29 जून को हुए लैंडस्लाइड की वजह से ब्रदीनाथ हाईवे 17 घंटे तक बंद रहा था।

उधर, गुजरात के कच्छ जिले में गांधीधाम रेलवे स्टेशन के अंदर तेज बारिश के चलते पानी भर गया। यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान में जून महीने में सामान्य से लगभग 3 गुना ज्यादा बारिश हुई है। राजस्थान में सामान्य तौर पर जून महीने में 50.7 MM बारिश होती है। इस बार वहां 145.9 MM बारिश हुई है।

वहीं, UP में सामान्य से 30%, बिहार में 69%, पश्चिम बंगाल में 47% और महाराष्ट्र में 50% कम बारिश हुई है। इन 4 राज्यों में देश की 42% आबादी रहती है और यहां सामान्य से औसतन 49% कम बारिश हुई है।

जून में मौसम विभाग के 377 केंद्रों पर भारी बारिश (115.6 मिमी से 204.5 मिमी तक) रिकॉर्ड की गई। यह 5 सालों में सबसे ज्यादा है। बीते साल 178 स्टेशनों पर भारी बारिश हुई थी।

IMD ने इस हफ्ते लगभग सभी राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में मध्यप्रदेश-राजस्थान समेत 17 राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है।

मौसम से जुड़े अन्य बड़े अपडेट्स…

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फंड (SDRF) के तहत 19 राज्यों की सरकारों को 6,194.40 करोड़ रुपए जारी करने की मंजूरी दी है। इस फंड का इस्तेमाल मानसून में राहत और बचाव कार्य करने के लिए किया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश की स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के मुताबिक, भारी बारिश और खराब मौसम की वजह से बीते एक हफ्ते में 24 लोगों की मौत हुई है। 43 लोग घायल हुए हैं और 350 से ज्यादा मवेशी भी मारे गए हैं। राज्य को 240 करोड़ से ज्यादा का नुकसान होने का अनुमान है।

गुजरात के कई इलाकों में पिछले 30 घंटो से भारी बारिश हो रही है। पिछले दो दिनों में खराब मौसम के चलते अलग-अलग घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो चुकी है। जूनागढ़ के विसावदर में 16 इंच बारिश होने से कई गांवों में बाढ़ आ गई है। घरों में भी 5 से 6 फीट तक पानी भरा है।

मानसून का दिल्ली की एयर क्वालिटी पर अच्छा असर पड़ा है। शुक्रवार शाम को बारिश के कारण दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 200 से नीचे आ गया है। वहीं, हर्ष विहार इलाके में नाले के ओवरफ्लो होने के कारण उसमें एक ऑटो गिर गया, जिससे ड्राइवर की मौत हो गई।

असम स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के मुताबिक, शुक्रवार को राज्य में बाढ़ के हालात में काफी सुधार आया। अब 20 हजार से कम लोग बाढ़ की चपेट में हैं। इससे पहले गुरुवार को 38 हजार और बुधवार को 83 हजार लोग बाढ़ की चपेट में थे। बाढ़ से असम में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है।