आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: देश में हफ्ते भर लेट हुए मानसून ने अब रफ्तार पकड़ ली है। उत्तर-पश्चिमी राज्यों में अब तक मानसून सीजन में सामान्य से 46 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। देश के पूर्वी, मध्य, उत्तर-पश्चिम व पश्चिमी राज्यों में 4 दिन मानसून सक्रिय रहेगा।
मंगलवार रात बारिश के चलते महाराष्ट्र के सतारा जिले के महाबलेश्वर में चट्टान ढह गई। इसके चलते महाबलेश्वर-पोलादपुर रास्ते को बंद कराया गया। प्रशासन ने देर रात मलबे को हटाने का काम शुरू किया, जो अब तक जारी है। कल महाबलेश्वर में 72 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।
अगले 24 घंटे में 19 राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है। भारी बारिश के चलते हिमाचल प्रदेश के शिमला में बाढ़ जैसे हालात हैं। मौसम विभाग ने हिमाचल में अगले 4 दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहां कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती थी।
दो दिन पहले हिमाचल के मंडी जिले में 48 घंटे में लैंडस्लाइड की दो घटनाएं हुईं। इसके चलते चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे-21 दो जगहों पर घंटों बंद रहा। इस रूट पर लगा जाम 20 घंटे बाद खुला। प्रदेश में भारी बारिश के चलते लगभग 301 सड़कें बंद कर दी गई थीं, जिन्हें अब खोल दिया गया है।
मानसून ट्रैकर से समझिए देश में मौसम का हाल…
मध्यप्रदेश में मानसून एक्टिव होने के बाद तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में 24 जून को मानसून एक्टिव हुआ था। एक ही दिन में मानसून ने प्रदेश को कवर कर लिया था। इसके बाद प्रदेशभर में तेज बारिश हो रही है।
उत्तर प्रदेश के 29 जिलों में बुधवार को मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। UP में मानसून ने 4 दिन पहले जोरदार बारिश के साथ एंट्री की थी। लेकिन, बीते दो दिनों से उम्मीद से कम बारिश हुई। 1 से 27 जून के बीच पूर्वी यूपी में 83.8 मिमी बारिश हो जानी चाहिए थी, लेकिन अभी तक एवरेज 34.4 मिमी बारिश हो सकी।
बिहार में एंट्री के 16 दिन बाद मानसून कई जिलों में पहुंच गया है। उत्तर और पूर्वी हिस्सों में मानसून ने अपना असर दिखाना शुरू भी कर दिया है। सुबह से ही कई जिलों में हल्की बारिश हो रही है, लेकिन तेज और झमाझम बारिश का दौर अभी शुरू नहीं हुआ है। इसके लिए अभी इंतजार करना होगा।