आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अल कादिर ट्रस्ट घोटाले में पूर्व पाकिस्तानी PM इमरान खान की गिरफ्तारी को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई जारी है। इमरान की पार्टी PTI की अर्जी पर सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ने कहा- खान को एक घंटे में हमारे सामने पेश करें। आप किसी को अदालत से कैसे उठा सकते हैं। ये तो अदालत की तौहीन है। बाकी मामला बाद में सुनेंगे।

वहीं पाकिस्तान में बढ़ती हिंसा के बीच सिंध प्रांत को छोड़कर पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आर्मी तैनात कर दी गई है। हिंसा भड़काने के आरोप में PTI लीडर फवाद चौधरी को देर रात और शाह महमूद कुरैशी को गुरुवार सुबह अरेस्ट कर लिया गया। पुलिस ने अब तक इमरान की पार्टी के करीब 1900 नेता-कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।

9 मई को इमरान की गिरफ्तारी के बाद से जारी हिंसक प्रदर्शन में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 290 लोग जख्मी हो गए हैं। बुधवार को इमरान खान को 8 दिन के लिए नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो (NAB) की रिमांड पर भेज दिया गया। हिंसा पर फौज ने पहला ऑफिशियल रिएक्शन दिया। कहा, ‘9 मई का दिन पाकिस्तान के इतिहास में काले अध्याय के तौर पर देखा जाएगा।’

बिलावल बोले- मामला और न बढ़ाए PTI

कराची में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने कहा- 9 मई पाकिस्तान के इतिहास का एक और काला दिन है। किसी भी राजनेता की गिरफ्तारी देश के लिए बड़ा नुकसान है। PTI को देशभर में चल रहे हिंसक प्रदर्शन खत्म करते हुए कानून का पालन करना चाहिए। जो होना था हो चुका है, अब उन्हें मामले को और नहीं बढ़ाना चाहिए। इससे उनके लिए मुश्किलें बढ़ेंगी।

पिछले 24 घंटे के 6 बड़े अपडेट्स…

NAB ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में PM शाहबाज शरीफ, उनके बेटे हमजा शरीफ सहित बाकी लोगों को क्लीन चिट दे दी है।

PTI समर्थकों ने पेशावर में इलेक्शन कमिशन के ऑफिस पर हमला किया। चांग इलाके में न्यूक्लियर फैसिलिटी पर कमांडो तैनात हैं। गिलगिट-बाल्टिस्तान में एक महीने के लिए धारा 144 लगाई गई।

इमरान की गिरफ्तारी को लेकर लंदन में हो रहे प्रदर्शन पर ब्रिटिश PM ऋषि सुनक ने कहा- ये पाकिस्तान का अपना मामला है। हम हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

PM शाहबाज शरीफ ने कहा- इमरान और PTI ने देश को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। आतंकवादियों की तरह सैन्य ठिकानों पर हमले किए। ऐसा 75 सालों में कभी नहीं हुआ।

NAB के टेम्परेरी कोर्ट में इमरान की पेशी हुई। कोर्ट ने खान को 8 दिन की रिमांड पर भेजा। तोशाखाना केस में भी पूर्व पाक PM पर आरोप तय हुए।

फौज ने कहा- हमले साजिश के तहत हो रहे हैं। फौज को गद्दार बताया जा रहा है। हमने गुनहगारों की पहचान कर ली है। कुछ लोग सिविल वॉर चाहते हैं, उन्हें माकूल जवाब देंगे।