मुंबई । आईपीएल खिताब सबसे अधिक पांच बार जीतने वाली मुंबई इंडियंस टीम के लिए यह 15 वां सत्र अब तक निराशाजनक रहा है और उसे एक भी मैच में जीत नहीं मिल पायी है। पंजाब किंग्स के खिलाफ 199 रन का लक्ष्य का पीछा करने आई मुंबई इंडियंस की टीम 186 रन ही बना पाई और 12 रन से मैच हार गई है।
यह मुंबई इंडियंस की लगातार 5वीं हार और इसी के साथ ही वह अंक तालिका में सबसे नीचे 10वें स्थान पर खिसक गयी है। मैच हारने के बाद मुम्बई के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि हमने आज अच्छा खेला है पर लय बरकरार नहीं रख पाये।
मुझे लगता है कि हमने आज बेहतर खेल दिखाया और हम मैच जीतने के बेहद करीब आ गये थे। मैच में जो रन आउट हुए वह हमारे पक्ष में नहीं थे। एक समय पर हम तेजी से रन बना रहे थे पर बदकिस्मती से अपने आप को साबित नहीं कर पाए। इस जीत का श्रेय पंजाब किंग्स के गेंदबाजों को जाएगा क्योंकि उन्होंने दूसरे हॉफ में अच्छी गेंदबाजी की।
रोहित ने आगे कहा कि हम कुछ अलग करने की कोशिश कर रहे थे। पर हमें सफलता नहीं मिली। वहीं विरोधी टीम पंजाब के खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया। हम उनके जैसा अच्छा क्रिकेट नहीं खेल पाये। कप्तान ने कहा कि हमें हालातों के अनुसार खेलना होगा।