मुंबई । चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) टीम के कप्तान रविन्द्र जडेजा ने कहा है कि पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अब भी रनों के भूखे हैं। धोनी ने ही अपनी टीम को मुम्बई इंडियंस के खिलाफ अंतिम गेंद पर चौका लगाकर जीत दिलाने के साथ ही प्लेऑफ के लिए उसकी संभावनाएं बरकरार रखी हैं। सीएसके ने अब तक सात मैचों में से दो में जीत दर्ज की।
जडेजा ने कहा, ‘यह बहुत अच्छा है कि वह अब भी रनों और जीत के लिए भूखे हैं। उनकी लय अब भी बनी हुई है। इसे देखकर हम उत्साहित रहते हैं क्योंकि हम जानते हैं कि यदि वह आखिरी ओवर तक क्रीज पर हैं तो वह हमारे लिए मैच जीतेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘मैच के दौरान हम तनाव में थे पर हमें विश्वास था कि जब तक धोनी मैदान पर हैं जीत मिलेगी। उन्होंने भारत के लिए और आईपीएल में कई मैच जिताए हैं और हम जानते थे कि वह मैच का सफल अंत करेंगे।’
धोनी ने अपने पुराने दिनों की तरह ‘फिनिशर’ की भूमिका भी अच्छी तरह से निभाई है। चेन्नई को आखिरी ओवर में 17 रन की जरूरत थी। धोनी ने ऐसे में जयदेव उनादकट की तीसरी गेंद पर छक्का और चौथी गेंद पर चौका लगा दिया। वह शांतचित बने रहे और आखिरी गेंद पर उन्होंने शॉर्ट फाइन लेग पर विजयी चौका लगाया।
जडेजा ने तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी की भी जमकर प्रशंसा की जिन्होंने मुंबई के शीर्ष क्रम को लड़खड़ाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, ‘जब वह (चौधरी) हमारे साथ नेट गेंदबाज था तब हमने देखा कि वह अच्छी गेंदबाजी कर रहा हूं और गेंद को स्विंग करा रहा है। नई गेंद को स्विंग कराने का उसका कौशल अच्छा है और इसलिए हमने उसको टीम में बनाये रखा।’