सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन वाटसन ने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली को सर्वश्रेष्ठ टेस्ट बल्लेबाज करार दिया है। वाटसन ने न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन , इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रुट और पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम जैसे खिलाड़ियों से विराट को बेहतर बताया है जबकि विराट ने पिछले दो साल से एक भी शतक नहीं लगाया है। महिला क्रिकेटर इशा गुहा ने जब वाटसन से पूछा कि उनके विचार में विश्व का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट बल्लेबाज कौन है तो उन्होंने कहा, ‘‘टेस्ट मैच क्रिकेट में मैं हमेशा से ही विराट को नंबर एक स्थान पर मानता हूं।’’ वाटसन ने कहा, ‘‘वह एक सुपरह्युमन की तरह है क्योंकि वह अब तक जो कुछ भी हासिल कर पाया है , वह उसे अपने जुनून के कारण ही मिला है।’’ कोहली हाल में खराब प्रदर्शन के कारण आईसीसी रैंकिंग में 10वें स्थान पर फिसल गए हैं पर टेस्ट क्रिकेट में इस बल्लेबाज का रिकॉर्ड शानदार रहा है।
विराट ने 27 टेस्ट शतक और 28 अर्धशतक लगाये हैं। इसमें उनका टेस्ट बल्लेबाजी औसत 50 से कुछ ही कम है। वहीं आईसीसी ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा कि विश्व के नंबर एक टेस्ट बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन हैं। लाबुशेन ने 26 टेस्ट में 54.31 की औसत से रन बनाए हैं पर न्यूनतम 40 टेस्ट खेलने की पात्रता के कारण उन्हें शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल नहीं किया गया। आजम को वाटसन ने दूसरे नंबर पर रखा है। वाटसन ने कहा कि आजम शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘उसने जिस तरह अपने खेल से तालमेल बैठाया है और टेस्ट क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है वह देखने लायक है।
वाटसन की सूची में स्मिथ को तीसरा स्थान मिला है। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि स्मिथ ने क्रीज पर अधिक समय बिताने के बारे में सोचना शुरू कर दिया है और वह गेंदबाजों पर उतना दबाव नहीं डाल रहा जितना वह उस समय डालता था जब वह अपने खेल के शीर्ष पर था। मेरे लिए स्मिथ इस सूची में थोड़ा नीचे आया है।’’ वहीं विलियमसन को चौथा स्थान मिला है। वाटसन ने कहा, ‘‘कीवी कप्तान अपने खेल को लेकर अच्छे प्रकार से जानते हैं कि उन्हें किस प्रकार विरोधी गेंदबाजों का सामना करना है। विलियमसन ने पिछले 12 महीने में सिर्फ दो टेस्ट खेले हैं और वह टेस्ट रैंकिंग में तीसरे सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं। वहीं रूट को वाटसन ने पांचवें नंबर पर रखा है।