आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दुनिया के सबसे बड़े इन्वेस्टर वॉरेन बफे की कंपनी बर्कशायर हैथवे पेटीएम की पैरेंट कंपनी ‘वन 97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड’ से पूरी हिस्सेदारी बेचकर बाहर निकल गई है। बर्कशायर हैथवे ने ओपन मार्केट के माध्यम से लगभग ₹1,370 करोड़ में अपनी हिस्सेदारी बेची है, जिससे कंपनी को ₹600 करोड़ का घाटा हुआ है।
वॉरेन बफे ने अपनी कंपनी के माध्यम से पांच साल पहले 2018 में पेटीएम में ₹2200 करोड़ निवेश किया था, जिसके जरिए उन्हें 2.46% की हिस्सेदारी मिली थी। इससे पहले 2021 में पेटीएम के मेगा IPO के दौरान ₹220 करोड़ के शेयर बेचे थे।
घिसालो मास्टर फंड और कॉप्थल मॉरिशस इन्वेस्टमेंट ने खरीदे शेयर
बर्कशायर हैथवे के बेचे गए शेयर्स को दो विदेशी निवेशक कॉप्थॉल मॉरिशस इन्वेस्टमेंट और घिसालो मास्टर फंड खरीदा है। कॉप्थॉल ने वन97 कम्युनिकेशंस के 42,75,000 शेयर और घिसालो मास्टर ने 75,75,529 शेयर खरीदा है। यह लेनदेन औसतन 877.2 रुपए प्रति शेयर की कीमत पर हुआ है।
शेयर होल्डिंग डेटा के अनुसार, सितंबर के अंत तक बर्कशायर के पास वन 97 कम्युनिकेशंस के 1,56,23,529 शेयर थे।
अलीबाबा ग्रुप भी बेच चुका है अपनी हिस्सेदारी
बर्कशायर से पहले जापानी कांग्लोमरेट सॉफ्टबैंक ग्रुप और चीन का अलीबाबा ग्रुप भी वन 97 कम्युनिकेशंस की अपनी हिस्सेदारी बेची हैं।
Q2FY24 में वन 97 कम्युनिकेशंस (पेटीएम) का नेट लॉस घटकर ₹292 करोड़ रहा
वन 97 कम्युनिकेशंस ने 20 अक्टूबर को फाइनेंशियल ईयर 2023-24 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए थे। जुलाई-सितंबर तिमाही में पेटीएम का नेट लॉस करीब आधा कम होकर 292 करोड़ रुपए रहा।
एक साल पहले की इसी तिमाही Q2FY23 में कंपनी का नेट लॉस 571.5 करोड़ रुपए रहा था। ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू (GMV), मर्चेंट सब्सक्रिप्शन रेवेन्यू और लोन बिजनेस में बढ़ोतरी से कंपनी को अपना घाटा कम करने में मदद मिली थी।
सितंबर तिमाही में रेवेन्यू 32% बढ़कर 2,519 करोड़ रहा
पेटीएम का सितंबर तिमाही में रेवेन्यू 32% बढ़कर 2,519 करोड़ रुपए रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 1,914 करोड़ रुपए रहा था। कंपनी का डायरेक्ट एक्सपेंस सितंबर तिमाही में 1,093 करोड़ रुपए रहा। तिमाही आधार पर पेटीएम का रेवेन्यू 7% बढ़ा है। इसका जून तिमाही में रेवेन्यू 2,341 करोड़ रुपए रहा था। वहीं कंपनी का नेट लॉस जून तिमाही में 358 करोड़ रुपए रहा था।