सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत बैरसिया तहसील के ग्राम हर्राखेड़ा स्थित पीएम शासकीय अरविंद भार्गव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं पर सुनवाई की गई तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ वितरित किए गए। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। जनता की सुविधाओं और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता विधायक खत्री विधायक विष्णु खत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शासन को सीधे जनता के द्वार तक पहुँचाने की अभिनव एवं जनहितैषी पहल है। आमजन की समस्याओं का समाधान और उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।
खत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से बैरसिया विधानसभा क्षेत्र के लगभग 50 हजार किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि अंतरित की गई है। उन्होंने कहा कि हर्राखेड़ा में नवीन घाट का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जिससे स्थानीय नागरिकों को सुविधा मिल रही है। भोपाल-बैरसिया फोरलेन मार्ग की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो चुकी है तथा शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने जैविक खेती को प्रोत्साहन दिए जाने और हर्राखेड़ा एवं दिल्लोद की समितियों का परिसीमन कार्य पूर्ण होने की जानकारी भी दी।

दिव्यांग हितग्राहियों को मिले सहायक उपकरण, ग्रामीणों को अधिकार अभिलेख वितरित शिविर में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा 19 दिव्यांग हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें तीन बैटरी चालित मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, दो व्हीलचेयर और सात ट्राइसाइकिल सहित अन्य सहायक उपकरण शामिल रहे। स्वामित्व योजना के अंतर्गत पात्र ग्रामीणों को अधिकार अभिलेख भी प्रदान किए गए। राजस्व संबंधी आवेदनों के समय-सीमा में निराकरण की बात कही गई।
खाद का पारदर्शी वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है कलेक्टर मिश्रा कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए नजीबाबाद में शीघ्र नया खाद वितरण केंद्र प्रारंभ किया जाएगा। ई-विकास पोर्टल के माध्यम से खाद का पारदर्शी वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

कलेक्टर मिश्रा ने नागरिकों से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना तथा एलआईसी एवं डाकघर की उपयुक्त बीमा और बचत योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने बालिका शिक्षा को प्राथमिकता देने और बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

आईटी एवं आईसीटी लैब का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से किया संवाद कार्यक्रम के उपरांत कलेक्टर मिश्रा ने विद्यालय की आईटी एवं आईसीटी लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता तथा तकनीक के माध्यम से सीखने के अवसरों की जानकारी दी।
साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 पर सूचना दें एसपी पांडे पुलिस अधीक्षक, देहात पंकज पांडे ने नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की समझाइश दी। उन्होंने साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने को कहा। पांडे ने ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान का उल्लेख करते हुए युवाओं एवं ग्रामीणों से नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। शिविर में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी इला तिवारी, तीरथ सिंह मीणा, मोहन सिंह जाट सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #हर्राखेड़ा #जनविश्वास #शिविर #ग्रामीणों #मिले #हितलाभ #सीएनएन #हर्राखेड़ाजनविश्वासशिविरमें