आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संसद में सवाल पूछने के बदले पैसे लेने (कैश फॉर क्वेरी) के मामले में सुप्रीम कोर्ट के वकील जय अनंत देहाद्राई ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा पर नए आरोप लगाए हैं।
देहाद्राई ने मंगलवार (14 नवंबर) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- संसद में जो सवाल पूछे गए, वो दुबई में बनाए गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपशब्द वाले भाषण दिल्ली के कैनिंग लेन में लिखे गए थे।
देहाद्राई ने दावा किया कि संसद में सवाल पूछने के बदले महुआ ने 2 करोड़ कैश के अलावा रोलेक्स घड़ी और फर्नीचर भी लिए थे। उन्होंने लिखा- जब भूलने की बीमारी खत्म हो जाएगी तो फर्नीचर और रोलेक्स को छोड़कर 2 करोड़ रुपए भी मिलेंगे।
देहाद्राई ने TMC सांसद को पैथोलॉजिकल लायर (जिसे झूठ बोलने की बीमारी हो) बताया। उन्होंने कहा- पैथोलॉजिकल लायर को बताना चाहिए कि संसद में पूछे जाने वाले सवाल मिस्ट्री टाइपिस्ट को कैसे भेजे गए।
महुआ ने PM मोदी पर देश को बांटने का आरोप लगाया था
महुआ ने 10 अगस्त को संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भाषण दिया था। मणिपुर हिंसा पर महुआ मे कहा था- PM मोदी हमारी बात नहीं सुनेंगे। वो तो लास्ट दिन आएंगे और बस आप सबकी धज्जियां उड़ाकर जाएंगे।
महुआ ने भाषण के दौरान एक शायरी पढ़ी और PM मोदी पर देश को बांटने का आरोप लगाया। TMC सांसद ने कहा था- जिस पापी को गुण नहीं गोत्र प्यारा है, समझो उसने ही हमें यहां मारा है। नफरतों की जंग में आप देखो क्या हो गया? सब्जियां हिंदू हुईं, बकरा मुसलमान हो गया।
क्या है पूरा मामला
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने 15 अक्टूबर को लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला को चिट्ठी लिखी थी। इसमें उन्होंने महुआ पर आरोप लगाए थे कि महुआ ने संसद में सवाल पूछने के लिए बिजनेसमैन दर्शन हीरानंदानी से 2 करोड़ रुपए और महंगे तोहफे लिए थे। इस मामले को स्पीकर ने एथिक्स कमेटी को भेज दिया।
निशिकांत ने 21 अक्टूबर को महुआ पर एक और गंभीर आरोप लगाया। निशिकांत ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में लिखा- कुछ पैसों के लिए एक सांसद ने देश की सुरक्षा को गिरवी रख दिया। मैंने इसे लेकर लोकपाल से शिकायत की है।
उन्होंने कहा कि दुबई से संसद की ID खोली गई, जबकि उस वक्त वो कथित सांसद भारत में ही थीं। इस नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) पर पूरी भारत सरकार है। देश के प्रधानमंत्री, वित्त विभाग, केंद्रीय एजेंसी यहां हैं। क्या अब भी TMC व विपक्षी दलों को राजनीति करनी है। निर्णय जनता का है। NIC ने यह जानकारी जांच एजेंसी को दे दी है।
एथिक्स कमेटी का दावा- महुआ का अकाउंट विदेश से 47 बार लॉगिन हुआ
एथिक्स कमेटी ने कैश फॉर क्वेरी मामले में महुआ मोइत्रा को लोकसभा से निष्कासित करने की सिफारिश की है। एथिक्स कमेटी ने 10 नवंबर को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला को अपनी रिपोर्ट भेजी है। रिपोर्ट में लिखा है कि महुआ मोइत्रा का अकाउंट विदेश से 47 बार लॉगिन हुआ।
TMC सांसद की ओर से संसद में पूछे गए 61 सवालों में से 50 सवाल बिजनेमसमैन दर्शन हीरानंदानी की पसंद के थे। अब यह रिपोर्ट 4 दिसंबर से शुरू हो रहे संसद के विंटर सेशन में लोकसभा में पेश की जाएगी। इसमें महुआ के निष्कासन की सिफारिश को लेकर वोटिंग हो सकती है।