लखनऊ । उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए 100 ग्राम पंचायतों में खेल मैदानों को विकसित करने और ओपन जिम खुलवाने की बड़ी तैयारी में लगी है। इससे खिलाड़ियों के पास  अपनी फिटनेस का ध्यान रखने का भी अवसर मिलेगा। सरकार ‘खूब-खेलो-खूब बढ़ो’ मिशन को साकार करने में जुटी है। इसमें राज्य सरकार का ध्यान गांव से निकलने वाले खिलाड़ियों पर सबसे अधिक रहेगा।

पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन करने वाले ये खिलाड़ी सुविधाओं से दूर न रहें इसके लिए कई योजनाएं भी बनी हैं। युवा कल्याण विभाग मनरेगा योजना से ग्राम पंचायत स्तर पर गांव-गांव तक खेलों के मैदान और ओपन जिम की व्यवस्था करने में लगा है जबकि दूसरी ओर सरकार खेल प्रतिभाओं को निखारने और प्रदेश के अंदर खेल प्रतिस्पर्धा को तेज करने के भी प्रयास कर रही है।

सरकार का लक्ष्य राज्य को अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करना है।  प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिये बेहतर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण देने वाले विशेषज्ञ कोच नियुक्त किये गये हैं। छात्रावासों में खिलाड़ियों की सहूलियत बढ़ाने के साथ-साथ नए स्टेडियमों का निर्माण भी तेजी से कराया जा रहा है।