मुम्बई । न्यूजीलैंड के दिग्गज गेंदबाज डेनियल विटोरी ने आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद टीम में शामिल तेज गेंदबाज उमरान मलिक की जमकर प्रशंसा की है। विटोरी ने कहा कि इस युवा के पास जबरदस्त तेजी है जिससे बल्लेबाजों के लिए उसे खेलना आसान नहीं रहेगा। विटोरी ने कहा कि ब्रेट ली, शोएब मलिक और शॉन टैट के युग के खत्म होने के बाद इस गेंदबाज में उसी प्रकार की क्षमताएं नजर आ रही हैं।
इस पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कहा, ‘उसकी रफ्तार बल्लेबाजों में घबराहट पैदा करती है और ऐसा सिर्फ निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ नहीं बल्कि सभी बल्लेबाजों के साथ होता है।’ उन्होंने कहा, ‘हमें अक्सर 153-154 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते हुए गेंदबाज नहीं दिखते। यह गजब की रफ्तार है, यह कम ही देखने को मिलती है जो हमने ब्रेट ली, शोएब अख्तर या शॉन टैट के बाद शायद नहीं देखी है।’
उन्होंने साथ ही कहा कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) को इस गेंदबाज के कार्यभार प्रबंधन का ध्यान रखना होगा। विटोरी ने कहा, ‘देखना यह है कि किस तरह भारतीय क्रिकेट में अगले दो वर्षों में उसकी प्रतिभा की देखभाल की जाती है और उससे कैसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन निकाला जा सकता है।’
उन्होंने कहा, ‘अगर वह बीसीसीआई या एनसीए (राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी) के अंदर आ जाता है तो यह उसके लिए सर्वश्रेष्ठ चीज होगी क्योंकि वे उसके कार्यभार का प्रबंधन कर सकते हैं। आमतौर पर एक खिलाड़ी के लिए अपनी रफ्तार के लिए गेंदबाजी करते रहने का लोभ बना रहता है।’ उन्होंने कहा, ‘मैं मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी कोच शेन बांड के साथ हुई बातचीत के आधार पर यह बात कह रहा हूं कि आप जितनी गेंदबाजी करते हो, आप उतने ही धीमे होते जाते हो।’