पुणे । सनराइजर्स हैदराबाद के युवा तेज गेंदबाज उमरान मलिक ने आईपीएल के इस 15 वें सत्र में चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) टीम के खिलाफ मुकाबले में सबसे तेज गति से गेंदबाजी करने के साथ ही गुजरात टाइटंस की ओर से खेल रहे न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन का रिकार्ड तोड़ा है।

उमरान ने इस मैच में 154 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी। यह इस आईपीएल सत्र की सबसे तेज गेंद है। पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेले गए आईपीएल के इस 46वें मुकाबले में उमरान मलिक ने एक बार नहीं बल्कि दो बार 154 किलोमीटर प्रति घंटे की तेजी से गेंदबाजी की। उमरान ने सीएसके की पारी के 10वें ओवर की दूसरी गेंद 154 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से यह गेंद फेंकी।

उमरान ने इसके बाद पारी के 19वें ओवर की तीसरी गेंद भी इसी रफ्तार से फेंकी हालांकि इस मैच में उमरान को कोई विकेट नहीं मिला। उनके चार ओवरों में 48 रन बने। . इससे पहले आईपीएल 2022 में सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड फर्ग्यूसन के नाम था जिन्होंने इस सीजन 153.9 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी।