सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पांच दिन में दूसरी बार उनकी पार्टी में शामिल होने का ऑफर दिया है। उद्धव ने कहा कि मैं फिर से गडकरी को महा विकास अघाड़ी (MVA) से इलेक्शन लड़ने की बात दोहरा रहा हूं।
उद्धव ने मंगलवार को यवतमाल जिले के पुसाद में एक रैली में कहा कि गडकरी का भाजपा में अपमान हो रहा है। इसलिए वो हमारे गठबंधन महा विकास अघाड़ी (MVA) में शामिल हो जाएं। हम उनकी जीत सुनिश्चित करेंगे। अगर हमारी सरकार सत्ता में आती है तो हम उन्हें मंत्री भी बनाएंगे।
उद्धव ने 8 मार्च को भी गडकरी को यही ऑफर दिया था। तब महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने उनका मजाक उड़ाया था। फडणवीस ने कहा था कि यह ऑफर ऐसा है, जैसे सड़क पर एक आदमी किसी को अमेरिकी राष्ट्रपति बनाने की पेशकश कर रहा हो।
उद्धव बोले- BJP की लिस्ट में भ्रष्ट आदमी का नाम है, लेकिन गडकरी का नहीं
उद्धव ने 8 मार्च को तुलजापुर में एक जनसभा में कहा था कि भाजपा के 195 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट आई है। इसमें नरेंद्र मोदी, अमित शाह सहित और भी नाम हैं। एक नाम कृपाशंकर सिंह का भी है। वो कांग्रेस से बगावत करके भाजपा में आए। कृपाशंकर पर बेनामी संपत्ति के इन्होंने ही आरोप लगाए थे। उन जैसे भ्रष्ट आदमी का नाम देश के प्रधानमंत्री के साथ पहली लिस्ट में आया है।
उद्धव ने कहा था- प्रमोद महाजन, गोपीनाथ मुंडे के बराबरी में जिन्होंने काम किया, उन नितिन गडकरी का नाम लिस्ट में शामिल नहीं है। नितिन जी छोड़ दीजिए, महाविकास अघाड़ी (MVA) की तरफ से चुनाव लड़िए हम आपको जीताकर लाएंगे।
दिखाइए महाराष्ट्र की हिम्मत, महाराष्ट्र दिल्ली के सामने कभी झुका नहीं है। आगरा में छत्रपति शिवाजी महाराज औरंगजेब के सामने नहीं झुके थे, तो इनके सामने झुकेंगे। नितिन गडकरी को मैं खुला आह्वान करता हूं कि वे इस्तीफा दें और महाविकास आघाडी से इलेक्शन लड़ें।