आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बंगाल की खाड़ी से 2 दिसंबर को उठा साइक्लोन मिचौंग 5 दिसंबर को आंध्र प्रदेश तट से टकराया। उससे पहले तूफान ने चेन्नई में काफी तबाही मचाई। यहां एक दिन में सबसे ज्यादा 50 सेमी बारिश हुई।

बारिश के चलते कई इलाके पिछले दो दिनों से बाढ़ में डूबे हैं। कई इलाकों में 72 घंटे से बिजली नहीं आ रही। इंटरनेट बंद पड़ा है। भारतीय वायु सेना के हेलिकॉप्टर से बाढ़ में फंसे लोगों तक खाना पहुंचाया जा रहा है।

तमिलनाडु में तूफान की वजह से राज्य में 2 दिनों में 3 महीने की बारिश हो गई। चेन्नई शहर पानी में डूब गया, जिसके कारण 17 लोगों की मौत हो चुकी है। CM एमके स्टालिन ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर 5060 करोड़ रुपये की राहत की मांग की।

तूफान प्रभावित आंध्र-तमिलनाडु की तस्वीरें…

पिछले 7 महीनों में आए तीन तूफान…

21 अक्टूबर: अरब सागर में आया तेज तूफान, ओमान की ओर बढ़ा

अक्टूबर में अरब सागर में तेज नाम का तूफान उठा था। पहले इसके भारत की तरफ आने की संभावना थी। बाद में IMD ने बताया कि चक्रवाती तूफान का गुजरात के तटीय इलाकों से टकराने का खतरा टल गया है। यह तूफान गुजरात से 1600 किमी दूर ओमान और यमन की तरफ बढ़ गया है। 13 जून : अरब सागर से उठे तूफान बिपरजॉय ने गुजरात, महाराष्ट्र में मचाई तबाही

13 जून को अरब सागर से उठे बिपरजॉय तूफान ने भारत में काफी तबाही मचाई थी। 15 जून की शाम को तूफान गुजरात के कच्छ जिले के जखौ पोर्ट से टकराया। इस दौरान 150 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। इसके चलते गुजरात और मुंबई के तटीय इलाकों में भारी बारिश हुई। गुजरात में 9 लोगों की मौत हो गई थी। 7 मई : बंगाल की खाड़ी में आए मोका तूफान से म्यांमार में 3 की मौत

​​​​​​7 मई को बंगाल की खाड़ी में मोका तूफान आया था। पहले यह इंडियन कोस्टल एरिया की तरफ बढ़ रहा था। बाद में यह म्यांमार के तट से टकराया। लगभग 200 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही हवाओं और तेज बारिश की वजह से कई घरों की छतें उड़ गईं और मोबाइल टावर गिर गए। इस तूफान का असर बांग्लादेश पर भी हुआ था।

देश के बाकी राज्यों में मौसम का हाल…

मध्य प्रदेश में तूफान ‘मिचौंग’ का आज भी असर; बारिश होगी, सर्द हवाएं भी चलेंगी तूफान ‘मिचौंग’ का असर मध्यप्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। बुधवार सुबह भोपाल, रीवा, ग्वालियर और चंबल संभाग के साथ ही छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी जिलों में कोहरा रहा।। सर्द हवा चलती रही। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक बुधवार को तूफान का असर देखने को मिलेगा। जबलपुर-शहडोल संभाग के जिलों में हल्की बारिश भी हो सकती है।