नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) ने जगदीप धनखड़ को उम्मीदवार बनाया है। उप राष्ट्रपति पद पर उनका मुकाबला संयुक्त विपक्ष की प्रत्याशी मार्गरेट अल्वा से होगा। धनखड़ को उप राष्ट्रपति पद का प्रत्याशी बनाए जाने पर पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पार्टी ने राहत की सांस ली है। टीएमसी सांसद सौगत राय ने कहा कि धनखड़ को पश्चिम बंगाल सरकार के लिए मुश्किल पैदा करने का इनाम मिला है। उनके खिलाफ विपक्ष ने मार्गरेट अल्वा को साझा उम्मीदवार बनाया है।

टीएमसी के वरिष्ठ नेता और सांसद सौगत रॉय ने कहा जगदीप धनखड़ पश्चिम बंगाल प्रशासन के लिए मुश्किलें पैदा करने और परेशान करने वाले तत्व थे। धनखड़ का नामांकन बंगाल सरकार के जीवन को दुखद बनाने का इनाम है। हमें राहत है कि उप राष्ट्रपति के तौर पर उनका नामांकन हुआ है।

टीएमसी प्रवक्ता और वरिष्ठ मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा धनखड़ ने भाजपा के प्रवक्ता के तौर पर काम किया है। भाजपा प्रवक्ता के तौर पर उनका प्रदर्शन शानदार रहा है और इसलिए उन्हें पुरस्कार मिला है। उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल सरकार और राज्यपाल के तौर पर धनखड़ के बीच लगातार विवाद की खबरें आती रही हैं।