आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पैसे लेकर संसद में सवाल पूछने के आरोप में फंसीं तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा से उनकी पार्टी ने सफाई मांगी है। पार्टी सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने रविवार को कहा कि इन आरोपों को लेकर पार्टी ने महुआ से अपनी स्थिति साफ करने को कहा है।

डेरेक ने कहा कि हमने मीडिया रिपोर्ट्स देखी हैं। पार्टी ने संबंधित सांसद को सलाह दी है कि वे अपने ऊपर लगाए इन आरोपों पर अपनी सफाई दें, जो कि वे दे चुकी हैं। लेकिन, ये मामला जनता द्वारा चुने गए एक प्रतिनिधि से जुड़ा है, इसलिए अभी संसद की समिति को मामले की जांच करने दीजिए। जांच पूरी होने के बाद पार्टी इस बारे में फैसला लेगी।

तृणमूल ने कहा- जो इंसान विवाद में घिरा, वही जवाब दे तो सही

महुआ पर लगे आरोपों को लेकर TMC प्रवक्ता कुणाल घोष ने शनिवार को कहा था कि पार्टी को इस मामले में कुछ नहीं कहना है। जो इंसान इस विवाद में घिरा है, वही इस पर बात करने के लिए सबसे सही व्यक्ति है। वहीं, एक अन्य TMC नेता ने नाम न छापने की शर्त पर कहा था कि पार्टी लीडरशिप किसी भी तरह की कॉन्ट्रोवर्सी में नहीं पड़ना चाहती है, इसलिए पार्टी इस मामले से दूरी बनाकर चलेगी।

निशिकांत का एक और आरोप- दुबई से खोली गई महुआ की संसद वाली ID

महुआ मोइत्रा पर पैसे लेकर संसद में सवाल पूछने का आरोप लगाने वाले भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने उन पर एक और गंभीर आरोप लगाया है। निशिकांत ने शनिवार को सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में लिखा- कुछ पैसे के लिए एक सांसद ने देश की सुरक्षा को गिरवी रख दिया। मैने इसे लेकर लोकपाल से शिकायत की है।

क्या है मामला?

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने 15 अक्टूबर को लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला को चिट्ठी लिखी थी। इसमें उन्होंने महुआ पर आरोप लगाए थे कि महुआ ने संसद में सवाल पूछने के लिए पैसे और तोहफे लिए थे। इस मामले को स्पीकर ने एथिक्स कमेटी को भेज दिया है। महुआ मोइत्रा पर पैसे लेकर संसद में सवाल पूछने के मामले में लोकसभा की एथिक्स कमेटी 26 अक्टूबर को सुनवाई करेगी।

इसके लिए कमेटी ने निशिकांत दुबे को बुलाया है। लोकसभा के डिप्टी सेक्रेटरी बाला गुरु ने दुबे को नोटिस जारी करते हुए ये जानकारी दी। निशिकांत सुनवाई में मौजूद रहेंगे या नहीं, इसे लेकर उन्हें 20 अक्टूबर तक जवाब देने को कहा गया है। ये सुनवाई संसद के कमेटी रूम में होगी।

  1. महुआ मोइत्राः अमेरिका में पढ़ीं, लंदन में नौकरी और बंगाल में राजनीति

इस केस की मुख्य पात्र महुआ मोइत्रा हैं, जिन पर सारे आरोप हैं। TMC सांसद महुआ मोइत्रा मूलत: बैंकर हैं। बेसिक एजुकेशन के बाद मोइत्रा हायर एजुकेशन के लिए अमेरिका गईं। बाद में उनकी नौकरी लंदन के एक प्रतिष्ठित बैंक में लगी।

कुछ सालों में उनका नौकरी से मोह भंग हुआ और वे राजनीति में कूदीं। उन्होंने 2016 में पहला चुनाव पश्चिम बंगाल के करीम नगर विधानसभा से जीता था। 2019 में वे TMC के टिकट पर कृष्णानगर से लोकसभा चुनाव लड़ी और जीतीं।