आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : तृणमूल कांग्रेस ने अपने मुखपत्र ‘जागो बांग्ला’ में इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A) गठबंधन की साथी पार्टी कांग्रेस पर निशाना साधा है। चार राज्यों में कांग्रेस को मिली करारी हार को लेकर मुखपत्र के संपादकीय में लिखा कि कांग्रेस भाजपा के खिलाफ जमींदारी मानसिकता से लड़ रही थी, इसलिए हार गई।
तृणमूल ने अपने मुखपत्र में लिखा कि कांग्रेस को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और मिजोरम में हार की वजहों पर चिंतन करना चाहिए। जो कमियां नजर आती हैं, उन्हें 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले सुधारना होगा।
कुणाल घोष बोले- ममता दीदी ने कांग्रेस को सलाह दी थी, पर कांग्रेस ने नहीं मानी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, TMC नेता कुणाल घोष ने विधानसभा चुनावों में हार को लेकर कांग्रेस पर गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने कहा कि ये भाजपा की जीत नहीं, बल्कि कांग्रेस की हार है। कांग्रेस जमींदारी वाली मानसिकता के साथ चुनाव लड़ रही थी। I.N.DI.A ब्लॉक को आगे बढ़ाने के लिए ममता दीदी ने कांग्रेस को कुछ सलाह दी थी, जो उन्होंने नहीं मानी।
लोकसभा चुनाव से पहले अपनी कमियां दूर करे कांग्रेस
घोष ने कहा कि कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ना चाहती थी, बुरी तरह हार गई। हालांकि,अब भी समय है, उन्हें अपनी कमियों को दूर करके लोकसभा चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन को मजबूत करना चाहिए। अगर ऐसा नहीं होता है, तो इससे गठबंधन को नुकसान होगा।
6 दिसंबर को इंडिया गठबंधन की बैठक में नहीं जाएंगी ममता
6 दिसंबर को इंडिया अलायंस की बैठक होनी है। इसे लेकर ममता ने कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं मिली थी, इसलिए उन्होंने नॉर्थ बंगाल में एक कार्यक्रम रख लिया। लिहाजा वे इंडिया ब्लॉक की मीटिंग में नहीं जा पाएंगीं। कोलकाता में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बताया कि अगर मुझे अलांयस की बैठक के बारे में पता होता तो मैंने ये कार्यक्रम आयोजित नहीं किया होता।
ममता ने कहा- कांग्रेस हारी, लोग नहीं
एक दिन पहले ममता बनर्जी ने कहा कि राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों में कांग्रेस हारी है, लोग नहीं। उन्होंने कहा कि मैंने शीट शेयरिंग का सुझाव दिया था, लेकिन कांग्रेस ने यहां अपने दम पर चुनाव लड़ने का फैसला किया, जो कि उल्टा पड़ गया। I.N.D.I.A ब्लॉक की पार्टियों ने कांग्रेस को मिलने वाले वोट बांट लिए। इसका फायदा भारतीय जनता पार्टी को मिला और 3 राज्यों में उसे जीत हासिल हुई। पूरी खबर यहां पढ़ें…
INDIA गठबंधन की चौथी बैठक 6 दिसंबर को:खड़गे ने सभी 28 दलों के नेताओं को दिल्ली बुलाया, पांच राज्यों के चुनाव नतीजों पर चर्चा होगी
विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A की चौथी बैठक 6 दिसंबर को दिल्ली में होगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्ष के सभी 28 दलों को मीटिंग के लिए बुलाया है। पांच राज्यों (मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मिजोरम) में चुनावी नतीजों के बाद विपक्षी दलों की यह पहली बैठक है। इस बैठक में चुनाव नतीजों पर मंथन किया जाएगा।