आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : 2 जून को ओडिशा के बालासोर में दो सुपरफास्ट एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी की टक्कर हुई, जिसमें 278 लोगों की मौत हो गई। घटना के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है। लेकिन कुछ बयान और घटनाक्रम ऐसे हैं, जिसे लेकर राजनीतिक दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं।

घटना के ठीक दूसरे दिन 3 जून शाम 5:53 बजे तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने सोशल मीडिया पर एक मिनट 48 सेकेंड का ऑडियो शेयर किया। इसमें दो रेल अधिकारी एक-दूसरे से घटना पर बातचीत कर रहे हैं।

इसमें एक साउथ वेस्ट रेलवे के प्रिंसिपल चीफ सेफ्टी ऑफिसर (PCSO) हैं। दूसरी ओर साउथ इस्टर्न रेलवे के डिप्टी चीफ सेफ्टी ऑफिसर (DCSO) अशोक अग्रवाल हैं। हालांकि, उन्होंने ऑडियो के वैरिफिकेशन की पुष्टि नहीं की है।

इस ऑडियो को लेकर पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने सवाल उठाए हैं। अधिकारी ने कहा- यह कॉल रिकॉर्ड जो TMC नेता ने साझा किया है, जहां रेलवे के दो अधिकारी बोल रहे हैं, इसकी जांच की जानी चाहिए? घोष के पास ये ऑडियो कैसे पहुंचा? क्या कोलकाता पुलिस ने TMC के कहने पर ये कॉल रिकॉर्ड करवाए हैं? रेलवे तो ऐसे ऑडियो लीक नहीं करेगा।

लीक ऑडियो में दोनों अफसरों के बीच हुई पूरी बातचीत…

कॉलर: तो फाइनल क्या पता चला?

अशोक अग्रवाल: पॉइंट लूप पर सेट था लेकिन सिग्नल मेल लाइन की ओर था।

कॉलर: ये कैसे हो सकता है?

अशोक अग्रवाल: एसएंडटी वाले कुछ मैनिपुलेट करेंगे तो हो सकता है सर।

कॉलर: क्या उस वक्त वहां कोई काम हो रहा था?

अशोक अग्रवाल: हां कुछ काम चल रहा था कुछ गड़बड़ हो गई।

सिग्नल मेनलाइन की ओर था लेकिन फेसिंग पॉइंट लूप की ओर था।

कॉलर: क्या इसीलिए कोरोमंडल एक्सप्रेस मालगाड़ी से जाकर टकरा गई?

अशोक अग्रवाल: हां सर, ट्रेन मालगाड़ी से टकरा गई और कोच बिखर गए। इसका कुछ हिस्सा 2864 बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस से टकराया।