पुणे । आईपीएल के इस सत्र में अब तक मुम्बई इंडियंस का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है और उसे सभी मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। इसके बाद भी उसके लिए राहत की बात यह है कि उसके दो युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर आने वाले मुकाबलों के लिए उम्मीद जगायी है। ये खिलाड़ी हैं तिलक वर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस। मुंबई इंडियंस को अपना अगला मुकाबला शनिवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलना है।

इसमें इन दोनो ही खिलाड़ियों पर नजरें रहेंगी। आईपीएल के अपने इस पहले सत्र में ही युवा बल्लेबाज तिलक ने शुरुआती मुकाबले से ही अपनी शानदार बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा है। तिलक के अलावा दक्षिण अफ्रीकी अंडर-19 खिलाड़ी डेवाल्ड ब्रेविस ने भी अपनी पहले ही आईपीएल में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। ब्रेविस ने पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में आक्रामक पारी खेली थी।

मुंबई की ओर से तिलक और ब्रेविस ने 41 गेंदों में 84 रनों की साझेदारी की, इस साझेदारी के दौरान मुंबई इंडियंस की टीम इस सत्र में पहली बार जीत की तरफ बढ़ती दिखी थी पर ब्रेविस का विकेट गिरते ही टीम एक एक बार फिर से बिखर गयी। ब्रेविस ने 49 और तिलक ने 36 रन बनाए। नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए ब्रेविस ने 25 गेंदों की अपनी पारी में 4 चौके और 5 छक्के लगाये।

उन्होंने पंजाब के लेग स्पिनर राहुल चाहर के एक ओवर में लगातार 5  बाउंड्री लगाई। इस दौरान उन्होंने लगातार 4 छक्के मारे जबकि तिलक ने 20 गेंदों में 3 चौकों और 2 छक्कों की सहायता से 36 रन बनाए। तिलक अगर रन आउट न होने तो मैच का परिणाम कुछ और होता। इन दोनों युवा खिलाड़ियों ने मुंबई इंडियंस के आने वाले भविष्य के लिए काफी अच्छे संकेत दिए हैं।