पीएम किसान सम्मान निधि (PM Kisan) की 12वीं किस्त का इंतजार अब लंबा हो रहा है।  चौक-चौराहों से लेकर खेत खलिहान तक किसानों के एक ही सवाल हैं कि पीएम किसान की किस्त कब आएगी? गांवों में हर जगह पीएम किसान (pmkisan.gov.in) की अगस्त-नवंबर की किस्त अब तक नहीं आने की ही चर्चा है। बता दें पिछले साल 9 अगस्त को ही किस्त जारी हो गई थी, लेकिन अभी तक इसके बारे में कोई अपडेट नहीं है।

योजना में गड़बड़ियों को रोकने के लिए मोदी सरकार ने ई-केवाईसी अनिवार्य किया तो पीएम किसान की किस्त में देरी होने लगी। पहले अंतिम तिथि 31 अगस्त रखी गई, लेकिन अब यह भी हटाली गई है। पीएम किसान पोर्टल पर अभी भी ईकेवाईसी की जा सकती है। इसके अलावा राज्य सरकार अब गांव-गांव लाभार्थियों का फिजिकल वेरिफिकेशन भी करा रही है। ऐसे में 12वीं या अगस्त-नवंबर की किस्त मिलने में देर हो रही है।

पति-पत्नी दोनों को नहीं मिलेगी किस्त

पीएम किसान योजना किसान परिवारों के लिए है। परिवार का आशय पति-पत्नी और दो नाबालिग बच्चे। यानी परिवार में पति-पत्नी दोनों को किस्त नहीं मिल सकती, भले दोनों के नाम से अलग-अलग खेत है। स्कीम के नियमों के मुताबिक पीएम किसान का पैसा किसान परिवार को मिलता है यानी परिवार के किसी एक सदस्य के खाते में 6000 रुपये सालाना 2000-2000 की तीन किस्तों में डायरेक्ट बैंक खाते में आते हैं।

पीएम किसान की 12वीं किस्त का 2000 रुपये आने से पहले एक बार आप जरूर चेक कर लें किलाभार्थियों की नई लिस्ट में आपका नाम है या नहीं?  आइए जानें वो आसान स्टेप, जिससे आप घर बैठे आसानी से कर सकते हैं..

  • सबसे पहले पीएम किसान पोर्टल https://pmkisan.gov.in/  पर जाएं । होम पेज पर मेन्यू बार देखें और यहां ‘फार्मर कार्नर’ पर जाएं।  यहां Beneficiary List पर क्लिक/टैप करें। इतना करने के बाद आपकी स्क्रीन पर एक पेज खुलेगा।
  •  यहां आप स्टेट में ड्रॉप-डाउन मेन्यू से अपने राज्य को सिलेक्ट करें। इसके बाद दूसरे टैब में जिला, तीसरे में तहसील या उप जिला, चौथे में ब्लॉक और पांचवें में अपने गांव का नाम चुनें। इसके बाद Get Report पर क्लिक करते ही पूरे गांव की लिस्ट आपके सामने होगी।