आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : तेलंगाना में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। सुबह सात बजे से मतदान शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगा। नक्सल प्रभावित जिलों में शाम 4 बजे तक ही मतदान होगा। 35,655 मतदान केंद्रों पर 1.85 लाख से अधिक मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है और 22 हजार माइक्रो पर्यवेक्षक चुनावी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। कुल 3.26 करोड़ मतदाता 119 विधानसभा सीटों के लिए गुरुवार को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस बार 2290 उम्मीदवार राज्य के चुनावी रण में अपनी किस्मत अजमा रहे हैं।

अभिनेता जूनियर एनटीआर और उनका परिवार हैदराबाद के पी ओबुल रेड्डी पब्लिक स्कूल में मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे।

अभिनेता चिरंजीवी और उनका परिवार हैदराबाद के जुबली हिल्स स्थित एक मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे।

वीडियो: अल्लू अर्जुन ने लाइन में लगकर किया मतदान

वीडियो: हैदराबाद के बंजारा हिल्स में एक मतदान केंद्र पर वोट डालने के बाद बीआरएस एमएलसी के कविता अपनी स्याही लगी उंगली दिखाती हुईं।

चुनाव के लिए पुख्‍ता इंतजाम

तेलंगाना में गुरुवार स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए राज्य से कुल 45 हजार कर्मियों, अन्य विभागों से तीन हजार कर्मियों, तेलंगाना राज्य विशेष पुलिस (टीएसएसपी) की 50 कंपनियों और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 375 कंपनियों की तैनाती की गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी विकास राज ने बताया कि पड़ोसी राज्यों के 23,500 होमगार्ड्स भी ड्यूटी करेंगे।

पुरुषों से अधिक महिला मतदाता

तेलंगाना में कुल मिलाकर तीन करोड़ 26 लाख दो हजार 799 मतदाता हैं। इनमें 1.62 करोड़ पुरुष, 1.63 करोड़ महिला और 2676 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। यहां 15,406 सर्विस मतदाता और 2944 एनआरआइ मतदाता हैं। यहां 9.99 लाख युवा पहली बार मतदान करेंगे। इस बार 221 महिलाओं और एक ट्रांसजेंडर समेत 2290 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।