आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : तेलंगाना विधानसभा चुनाव के चलते भाजपा ने मंगलवार को उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में पार्टी ने 12 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है।
पार्टी ने अब तक राज्य में 4 लिस्टों में 100 उम्मीदवारों की घोषणा की है। तेलंगाना में 30 नवंबर को वोटिंग और 3 दिसंबर को मतगणना होगी।
सोम ग्रुप पर IT की रेड; भोपाल, इंदौर, जबलपुर समेत कई शहरों में सर्चिंग
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले भोपाल के सोम ग्रुप के मालिक जगदीश अरोड़ा के यहां IT ने छापा मारा है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में सोम ग्रुप के ठिकानों पर टीम पहुंची है। भोपाल शाहपुरा थाना क्षेत्र सहित कई जगह टैक्स चोरी के आरोप में एक साथ कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार IT टीम में इंदौर और मुंबई के अधिकारी शामिल हैं। भोपाल के अलावा जबलपुर, इंदौर और रायसेन में सोम ग्रुप के ठिकानों पर आज सुबह कार्रवाई शुरू हुई है। इसके अलावा मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, कटक और बेंगलुरु में भी आयकर विभाग कार्रवाई कर रहा है।
मुंबई के दादर में पार्किंग में आग लगी, कई वाहन जलकर खाक
मुंबई के दादर में हरिश्चंद्र येवले मार्ग पर कोहिनूर बिल्डिंग की पार्किंग में रात 1-2 बजे के बीच आग लग गई। आग के चलते पांच से छह वाहन जलकर खाक हो गए। किसी के घायल होने की खबर नहीं है। आग के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
कोविड बॉडी बैग स्कैम केस में ED ने मुंबई की पूर्व मेयर को भेजा समन; 8 नवंबर को बुलाया
कोविड बॉडी बैग स्कैम केस को लेकर ED ने सोमवार को मुंबई महानगर पालिका की पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर को समन भेजा है। किशोरी उद्धव ठाकरे गुट की नेता हैं। उन्हें 8 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। ED ने BMC के एडिशनल कमिश्नर पी वेलरासु को भी समन भेजा है। उन्हें मंगलवार को बुलाया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोरोना के दौरान शवों को रखने के लिए खरीदे गए बॉडी बैग बढ़े हुए रेट पर खरीदे गए थे। मुंबई पुलिस और ED इसे लेकर मुंबई नगर निगम द्वारा दिए गए ठेके की जांच कर रही है।
दिल्ली में हाईवे के निर्माण के लिए बने गड्ढे में गिरा एक शख्स, लोहे की रॉड शरीर के आर-पार हुई
दिल्ली में शास्त्री रोड पर एक व्यक्ति हाईवे के निर्माण के लिए बनाए गए गड्ढे में गिर गया, जिसमें लगी लोहे की रॉड उसके शरीर के आर-पार हो गई। हालांकि, व्यक्ति सिर्फ घायल हुआ। रॉड काटने के बाद उसे लोक नारायण जय प्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। शरीर में फंसी रॉड सर्जरी के बाद निकाली गई। फिलहाल घायल व्यक्ति की हालत स्थिर है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है और मामले की जांच जारी है।