सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि राजस्व अधिकारी राजस्व प्रकरणों के निराकरण को प्राथमिकता दें, इस कार्य में कोई लापरवाही न की जाए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने सोमवार को आयुक्त कार्यालय सभाकक्ष में संपन्न समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए. बैठक में अपर आयुक्त शिवराज सिंह वर्मा, संयुक्त आयुक्त विकास विनोद यादव, उपायुक्त राजस्व श्रीमती भारती देवी मिश्रा सहित सभी शाखा प्रभारी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
संभागायुक्त शर्मा ने बैठक में राजस्व प्रकरणों के निराकरण के दौरान भोपाल जिले में नामांतरण के 45 हजार 964 प्रकरणों में 28 हजार 365 का निराकरण एवं 15 हजार 599 के लंबित प्रकरणों पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। रायसेन जिले में दर्ज 14 हजार 229 प्रकरणों में से 12 हजार 734 प्रकरणों का निराकरण किया गया है, जबकि 1495 अभी भी लंबित है। राजगढ़ जिले में 20 हजार 263 दर्ज प्रकरणों में से 16 हजार 568 का डिस्पोजल किया गया, 3 हजार 695 अभी भी लंबित है। सीहोर में दर्ज 15 हजार 402 में से 12 हजार 633 निराकृत किए गए है जबकि 2769 लंबित है, जबकि विदिशा जिले में 18 हजार 883 दर्ज प्रकरण में से 15 हजार 022 का निराकरण किया गया, 3861 अभी भी लंबित है। इसी तरह बंटवारे के प्रकरणों में भोपाल जिले में 1752 पंजीकृत प्रकरणों में से 1199 का निराकरण किया गया वहीं 553 प्रकरण लंबित हैं।
संभागायुक्त शर्मा ने बैठक में उपायुक्त राजस्व को संभाग के सभी जिलों में नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के समय – सीमा बाहर प्रकरणों में लापरवाही बरतने वाले तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए संभाग के सभी जिलों में फोर्स क्लोज की शिकायतों के हितग्राहियों से चर्चा करने के निर्देश भी दिए। संभागायुक्त शर्मा ने बैठक में प्रशासनिक कसावट, कार्यालयीन काम-काज में पारदर्शिता, समयबद्ध और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति विकसित करने एवं संभाग के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की नियमित समीक्षा के लिए ऑनलाइन सिस्टम का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने रिजल्ट ऑरिएंटेंड कार्य प्रणाली विकसित करने पर जोर दिया।
संभागायुक्त ने बैठक में सभी शाखा प्रभारी अधिकारियों से कार्यो की विस्तृत जानकारी लेकर नवाचारों के माध्यम से नियत समय में बेहतर आउट पुट के लिए नियमित मॉनीटरिंग सिस्टम बनाने, विभागीय पेंडेंसी को समाप्त करने के लिए माइक्रो प्लानिंग करने के साथ कार्यालय में शत – प्रतिशत ई-ऑफिस प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय – सीमा में शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित हो, इसके लिए रिव्यू सिस्टम बनाएं। उन्होंने भोपाल संभाग के राजस्व रिकार्ड का डिजिटाइजेशन करने एवं रिकॉर्ड रूम के अभिलेखों को प्लास्टिक बॉक्स मंम सरंक्षित किए जाने के निर्देश भी दिए।
संभागायुक्त शर्मा ने बैठक में कहा कि उत्कृष्ट कार्य संस्कृति विकसित करना एवं टेक्नोलॉजी के साथ, नवाचारों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। सभी विभाग नियमित समीक्षा एवं कार्यों की प्राथमिकता स्वयं निर्धारित करते हुए समयबद्ध ढंग से लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने विभाग में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए स्पष्ट कार्य योजना बनाएं और उसके अनुरूप नियमित मॉनीटरिंग करें। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित निराकरण प्रशासन की जिम्मेदारी है। जिलों में बेहतर समन्वय, नियमित समीक्षा, समयबद्ध क्रियान्वयन और जनहित की सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ कार्य संस्कृति को अपनाएं। सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता, जबाबदेही एवं पाददर्शिता के साथ कार्य करते हुए सुशासन में अपना पूरा सहयोग देना है।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #रकरण #परव #तहस #DeskSource #एनएन #टवर #आईट