मुंबई । गुजरात टाइटन्स की टीम के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान ने टीम के कप्तान हार्दिक पंड्या की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि वह आगे बढ़कर टीम का नेतृत्व कर रहे हैं, जिससे अन्य खिलाड़ी भी प्रेरित हो रहे हैं। राशिद के अनुसार हार्दिक ने टीम का माहौल भी अच्छा बनाया है। इसी कारण टीम ने अबतक अच्छा प्रदर्शन किया है। गुजरात ने अबतक पांच मैचों में चार जीत दर्ज की है और वह अंकतालिका में दूसरे स्थान पर बनी हुई है।

हार्दिक रन बनाने के मामले में अभी दूसरे स्थान पर हैं और इसके साथ ही वह अच्छी गेंदबाजी भी कर रहे हैं। राशिद ने कहा, ‘जिस तरह से वह (हार्दिक) टीम की अगुवाई कर रहा है जिस तरह से उन्होंने मैदान के अंदर और बाहर टीम माहौल तैयार किया है उसका भी टीम को लाभ मिला है।’ इस स्पिनर ने कहा कि हार्दिक समय पर साहसिक फैसले करने से नहीं डरते हैं।

उन्होंने कहा, ‘वह ऐसे कप्तान हैं जो हमेशा साहसिक फैसले करते हैं। हमेशा उन्हें भरोसा होता है तथा क्या करना है इसको लेकर उनकी राय स्पष्ट है।’ राशिद ने कहा, ‘एक कप्तान के लिये यह अहम होता है। जब आपकी मनस्थिति साफ हो तो आप सही फैसले करते हो, परिणाम स्वयं ही आपके अनुकूल रहता है।’ राशिद ने कहा कि सही समय पर सही फैसले करने के कारण हार्दिक एक अच्छा कप्तान साबित हो रहा है।