आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : टाटा टेक्नोलॉजीज ने IPO का प्राइस बैंड 475-500 रुपए तय किया है। IPO के लिए रिटेल निवेशक को मिनिमम एक लॉट यानी 30 शेयर के लिए अप्लाई करना होगा। IPO 22 नवंबर को खुलेगा और 24 नवंबर को बंद होगा। टाटा टेक्नोलॉजीज इस IPO से करीब 3,042 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है। यह IPO पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल होगा, जिसके लिए कंपनी 6.08 करोड़ इक्विटी शेयर बेचेगी।

टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड ऑटोमोबाइल की दिग्गज कंपनी टाटा मोटर्स की सब्सिडियरी है। टाटा ग्रुप करीब 19 साल बाद कोई IPO लेकर आ रहा है। इससे पहले साल 2004 में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का IPO आया था। चार महीने पहले कंपनी को IPO के जरिए फंड जुटाने के लिए मार्केट रेगुलेटर सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड (SEBI) ने मंजूरी दी थी।

5 दिसंबर को BSE और NSE पर लिस्ट होंगे कंपनी के शेयर

रिटेल निवेशक इस IPO के लिए 24 नवंबर तक बोली लगा सकेंगे। 5 दिसंबर को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर कंपनी के शेयर लिस्ट होंगे।

35% हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व

कंपनी IPO का 50% हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए रिजर्व रखा गया है। इसके अलावा 35% हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स और बाकी 15% हिस्सा नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) के लिए रिजर्व है।

ग्लोबल प्रोडक्ट इंजीनियरिंग और डिजिटल सर्विसेज कंपनी

टाटा टेक्नोलॉजीज एक ग्लोबल प्रोडक्ट इंजीनियरिंग और डिजिटल सर्विसेज कंपनी है। यह ग्लोबल ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (OEMs) और उनके टियर-1 सप्लायर्स को प्रोडक्ट डेवलपमेंट और टर्नकी सॉल्यूशंस ऑफर करती है। टाटा टेक्नोलॉजीज-KPIT टेक्नोलॉजीज, L&T टेक्नोलॉजी सर्विसेज और टाटा एलेक्सी जैसी लिस्टेड कंपनियों को टक्कर देगी।

टाटा टेक्नोलॉजीज में टोटल 11,081 कर्मचारी

टाटा टेक्नोलॉजीज के CEO वारेन हैरिस हैं। कंपनी में टोटल 11,081 कर्मचारी (10,161 फुल-टाइम और 920 कॉन्ट्रैक्टेड) काम करते हैं। कंपनी के भारत में पुणे (हेडक्वार्टर), गुड़गांव, बेंगलुरु, ठाणे और चेन्नई सहित उत्तरी अमेरिका, यूरोप और एशिया-प्रशांत क्षेत्र में 18 ग्लोबल डिलीवरी सेंटर हैं।

टाटा टेक्‍नोलॉजीज में टाटा मोटर्स की टोटल 74% हिस्‍सेदारी

टाटा टेक्‍नोलॉजीज में टाटा मोटर्स की टोटल 74.69% हिस्‍सेदारी है। अल्फा टीसी होल्डिंग्स की 7.26% और टाटा कैपिटल ग्रोथ फंड-I की 3.63% हिस्सेदारी है।