आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन आज यानी 24 नवंबर को हल्की तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स करीब 30 अंक चढ़कर 66,047 पर कारोबार कर रहा है। वहीं, निफ्टी में भी 15 अंक की तेजी है, यह 19,817 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 में तेजी और 10 में गिरावट देखने को मिल रही है।
टाटा टेक्नोलॉजीज सहित चार IPO में निवेश का आखिरी दिन आज
आज टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड, गंधार ऑयल रिफाइनरी इंडिया लिमिटेड, फेडबैंक फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड और फ्लेयर राइटिंग इंडस्ट्रीज लिमिटेड के IPO में बिडिंग करने का आखिरी दिन है। इन सभी कंपनियों के शेयर 5 दिसंबर को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्ट होंगे।
टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड का ग्रे मार्केट प्राइस (GMP) सबसे हाई चल रहा है। investorgain.com में अभी टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड का GMP 80.6%, गंधार ऑयल रिफाइनरी इंडिया लिमिटेड का GMP 44.97%, फेडबैंक फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड का GMP 1.43% और फ्लेयर राइटिंग इंडस्ट्रीज लिमिटेड का GMP 26.97% चल रहा है।
कल शेयर बाजार में हुआ था फ्लैट कारोबार
इससे पहले कल यानी 23 नवंबर को फ्लैट कारोबार देखने को मिला था। सेंसेक्स 5 अंक गिरकर 66,017 पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में भी 9 अंक की गिरावट रही, यह 19,802 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 15 में तेजी और 15 में गिरावट देखने को मिली थी।