आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : तमिलनाडु के राज्यमंत्री ईवी वेलु से जुड़े ठिकानों पर शुक्रवार को इनकम टैक्स (IT) डिपार्टमेंट ने छापा मारा। वेलु के तिरुवन्नामलाई के घर और कॉलेज और चेन्नई समेत 40 से ज्यादा जगहों पर IT ने तलाशी ली। साथ ही IT ने PWD से जुड़े ठेकेदारों के ठिकानों पर भी छापेमारी की।

द्रमुक (DMK) नेता वेलु तमिलनाडु सरकार में लोक निर्माण (PWD) राज्यमंत्री हैं। 6 बार के विधायक वेलु इससे पहले राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री रह चुके हैं। राज्य में एम के स्टालिन के नेतृत्व में DMK की सरकार है।

कौन हैं ईवी वेलु

ईवी वेलु, ने एम जी रामचंद्रन के नेतृत्व में AIADMK से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। 1997 में DMK में शामिल हो गए। स्टालिन के करीबी सहयोगी होने के कारण, वेलु 2006-2011 डीएमके सरकार में खाद्य मंत्री थे और उन्हें 2021 में PWD विभाग दिया गया था।

वेलु पर क्या है आरोप

DMK सांसद वेलु तिरुवन्नामलाई में इंजीनियरिंग कॉलेजों सहित कई शैक्षणिक संस्थानों के मालिक हैं। सूत्रों के मुताबिक, मंत्री और उनके परिवार पर टैक्स चोरी का आरोप है।

DMK के तीन और नेता जांच एजेंसियों के घेरे में….

मंत्री वी सेंथिल बालाजी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जेल में बंद

DMK मंत्री वी सेंथिल बालाजी के घर पर 13 जून को ED ने छापा मारा था। छापे के साथ-साथ 24 घंटे तक पूछताछ करने के बाद उन्हें 14 जून बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। मंत्री बालाजी पर नौकरियों के लिए पैसा लेने और मनी लॉन्ड्रिंग सहित भ्रष्टाचार के कई गंभीर मामलों में क्रिमिनल केस चल रहे हैं। बालाजी अभी जेल में बंद हैं। मंत्री के पोनमुडी के पास से 70 लाख बरामद

उच्च शिक्षा मंत्री के पोनमुडी से जुड़े ठिकानों पर ED ने अवैध खनन मामले में 17 जुलाई सोमवार को छापेमारी की थी। इस दौरान मंत्री और उनके बेटे के बयान भी दर्ज किए गए। जांच एजेंसी ने तलाशी में 70 लाख रुपए और कुछ विदेशी मुद्रा बरामद की थी।

सांसद एस जगतरक्षकन के ठिकानों पर छापा, 60 करोड़ की संपत्ति जब्त

5 अक्टूबर को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने DMK के सांसद एस जगतरक्षकन और सविता ग्रुप से जुड़ी जगहों पर छापेमारी की थी। इस कार्रवाई में IT ने 60 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की, जिसमें 32 करोड़ कैश और 28 करोड़ रुपए की सोने की सिल्लियां शामिल हैं।

कर्नाटक में IT ने 94 करोड़ कैश-गहने जब्त किए

इनकम टैक्स ने 12 अक्टूबर की रात बेंगलुरु के आरटी नगर में रेड डाली थी। सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेशन ने बताया कि सरकारी कॉन्ट्रैक्टर्स और रियल एस्टेट डेवलपर्स के घरों से इनकम टैक्स ने 94 करोड़ कैश, 8 करोड़ रुपए के हीरे-सोने के गहने, विदेशी कंपनियों की 30 लग्जरी घड़ियां जब्त की है।