डर्बी । भारत के चेतेश्वर पुजारा और कप्तान टॉम हेन्स के दोहरे शतक की सहायता से इंग्लिश काउंटी टीम ससेक्स डिविजन 2 मुकाबले में हार से बची है। टीम ने फॉलोआन खेलते हुए डर्बीशर को ड्रॉ पर ही रोक दिया। इस सत्र में अपना पहला मैच खेल रहे पुजारा ने नाबाद 201 रन बनाये। वहीं हेन्स ने 243 रन बनाकर तीसरे विकेट के लिए 351 रन की साझेदारी निभाई। इससे ससेक्स ने दूसरी पारी में तीन विकेट पर 513 रन बनाए।

पुजारा को दक्षिण अफ्रीका दौरे के बाद भारतीय टेस्ट टीम से बाहर कर दिया गया था , इसके बाद वह काउंटी में चले गये थे क्योंकि उन्हें आईपीएल नीलामी में भी किसी टीम ने नहीं खरीदा था। डर्बीशर ने पहली पारी आठ विकेट पर 505 रन बनाकर घोषित की थी

जिसके जवाब में ससेक्स की टीम पहली पारी में 174 रनों पर ही सिमट गयी थी और उसे फॉलोआन खेलना पड़ा था। पुजारा पहली पारी में केवल छह रन बनाकर आउट हुए थे। ससेक्स की टीम अभी काउंटी चैंपियनशिप डिविजन 2 में आठ टीमों में अंतिम स्थान पर चल रही है। उसके दो मैचों में 13 अंक हैं। टीम को अपने पहले मैच में नॉटिंघमशर के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।