आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : गुजरात में सूरत शहर के सचिन इंडस्ट्रियल एरिया की एक केमिकल फैक्ट्री में मंगलवार रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में 24 मजदूर घायल हो गए हैं।
कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि केमिकल के एक टैंक में विस्फोट हो गया था, जिससे आग भड़क उठी। हादसे में तीन मजदूरों की हालत गंभीर है, जबकि अन्य को मामुली चोटें आई हैं।
सूरत फायर ब्रिगेड के अधिकारी बसंत पारेख ने बताया- हमें रात के करीब 2 बजे एथर इंडस्ट्रीज लिमिटेड में भीषण आग लगी होने सूचना मिली थी। मौके पर तुरंत ही पांच गाड़ियां भेज दी गई थीं।
लेकिन, हालात नियंत्रित न होने के बाद इमर्जेंसी जारी की गई और दूसरे इलाकों से भी फायर की टीमें बुलाई गईं। आग पर काबू पाने में फायर की 12 गाड़ियां लगानी पड़ीं।
जानकारी मिली है कि केमिकल से भरे एक बड़े टैंक में रिसाव के बाद विस्फोट हो गया था। इसकी चपेट में केमिकल से भरे अन्य टैंक व ड्रम भी आते चले गए, जिससे आग फैक्ट्री की तीनों मंजिलों तक फैल गई थी।
करीब तीन घंटों की मशक्कत के बाद फैक्ट्री के बाहर के हिस्सों में फैली आग पर काबू पा लिया गया था। हालांकि, फैक्ट्री में काफी मात्रा में केमिकल होने के चलते अंदर की आग पर काबू पाने में और तीन से चार घंटों का समय लगा।
धमाके के चलते कई लोग झुलस गए थे
कंपनी के कर्मचारी श्रवण मोहुला ने कहा- कंपनी में ज्यादातर काम रात में ही होता है। रोजाना की तरह हम सभी अपने-अपने काम पर लगे हुए थे। इसी बीच अचानक जोरदार धमाका हुआ और हम सभी जान बचाने बाहर भागे। लेकिन, धमाके के चलते आसपास मौजूद पांच से छह कर्मचारी झुलस गए थे।
हालांकि, सभी कर्मचारी किसी तरह बाहर निकल आए थे। आसपास के लोगों ने भी कई घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जल्दी ही 108 एंबुलेंस भी आ गई थीं और तीन गंभीर कर्मचारियों को पास के ही निजी अस्पताल में एडमिट करवा दिया गया था। बाद में इन्हें सिविल अस्पातल रेफर किया गया।