सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: दिल्ली में पटाखों पर SC की सख्ती, विराट कोहली से जागरूकता की अपील कराने का सुझाव
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में दिवाली के दौरान पटाखों के इस्तेमाल और वायु प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और दिल्ली सरकार से जवाब मांगा है। सुनवाई के दौरान अदालत ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर साल आदेश जारी किए जाते हैं, लेकिन जमीन पर उनका पालन प्रभावी ढंग से नहीं हो रहा। अदालत ने टिप्पणी की कि आदेशों का उल्लंघन अधिक और पालन कम होता है। इसी दौरान न्यायाधीशों ने जन-जागरूकता अभियान में लोकप्रिय हस्तियों और क्रिकेटर विराट कोहली जैसे खिलाड़ियों की मदद लेने का सुझाव दिया।
जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी. वराले की पीठ ने कहा कि केवल प्रतिबंध लगाने से प्रदूषण की समस्या का समाधान नहीं होगा। इसके लिए प्रभावी निगरानी और नियमों का सख्ती से पालन जरूरी है। अदालत ने सुझाव दिया कि विराट कोहली जैसे लोकप्रिय खिलाड़ी लोगों से अपील कर सकते हैं कि वे दीपावली को रोशनी के पर्व के रूप में मनाएं और पटाखों से होने वाले प्रदूषण को कम करने में सहयोग करें। स्कूलों में बच्चों को भी पटाखों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने पर जोर दिया गया।
सुनवाई के दौरान अदालत ने पिछले साल ग्रीन पटाखों की सीमित बिक्री और इस्तेमाल की अनुमति के बाद नियमों के पालन से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट पेश नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई। पीठ ने सरकार से पूछा कि कितनी जांच टीमें बनाई गईं, कितने निरीक्षण हुए, प्रतिबंधित पटाखे बेचने वालों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई और कितने मामले दर्ज किए गए।
अदालत ने फिलहाल पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के पक्ष में नहीं होने की बात कही, लेकिन चेतावनी दी कि नियमों का पालन नहीं हुआ तो कड़ा रुख अपनाया जा सकता है। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में पटाखों से जुड़े प्रतिबंधों पर अपना आदेश सुरक्षित रख लिया है।
Hashtags: #DelhiState #Delhi #दिल्ली #पटाखों #सख्ती #विराट #कोहली #जागरूकता #अपील #दिल्लीमेंपटाखोंपर