सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: दिल्ली में 16 नवंबर तक तैनात रहेंगे 27 हजार अर्धसैनिक जवान, सुरक्षा बढ़ाई गई
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 270 कंपनियों की तैनाती 16 नवंबर 2026 तक बढ़ा दी है। इन कंपनियों में करीब 27 हजार जवान शामिल हैं। गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर यह फैसला लिया है। इस महीने तीसरी बार इन सुरक्षा बलों की तैनाती की अवधि बढ़ाई गई है।
सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाने के पीछे 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली INDIA गठबंधन की रैली, कुछ संगठनों की ओर से अचानक विरोध प्रदर्शन किए जाने की आशंका और त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को प्रमुख कारण बताया गया है। कांग्रेस ने कथित वोट चोरी और मतदाता सूची में अनियमितताओं के मुद्दे पर INDIA गठबंधन के बैनर तले 'चलो दिल्ली मार्च' का आह्वान किया है। इस मार्च का समापन रामलीला मैदान में आयोजित रैली के साथ होगा।
दिल्ली में तैनात 270 कंपनियों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 125 कंपनियां शामिल हैं। इनमें 17 महिला इकाइयां भी हैं। इसके अलावा सीमा सुरक्षा बल (BSF) की 46, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की 39, सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 31, रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की 20 और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की 12 कंपनियां तैनात रहेंगी।
एक CAPF कंपनी की स्वीकृत संख्या 100 जवानों की होती है, लेकिन वास्तविक परिचालन क्षमता लगभग 70 से 72 जवानों की रहती है। दिल्ली पुलिस को इन बलों की तैनाती और समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इससे पहले अक्टूबर की शुरुआत में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शनों के बाद इन बलों को दिल्ली बुलाया गया था। संगठन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की थी। अब आगामी रैली और त्योहारों को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था लगातार कड़ी रखी जाएगी।
Hashtags: #DelhiState #Delhi #दिल्ली #नवंबर #तैनात #रहेंगे #हजार #अर्धसैनिक #जवान #दिल्लीमें16नवंबर