सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: जामिया में 20 साल बाद होंगे छात्र संघ चुनाव, प्रशासन ने तय की समयसीमा

नई दिल्ली। दिल्ली की जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में करीब 20 साल बाद छात्र संघ चुनाव कराने का रास्ता साफ हो गया है। छात्रों के लंबे आंदोलन और भूख हड़ताल के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया के लिए निश्चित समयसीमा घोषित कर दी है। इसके साथ ही प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ शुरू की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई वापस लेने पर भी सहमति जताई गई है। प्रशासन के फैसले के बाद छात्रों ने अपना आंदोलन और भूख हड़ताल समाप्त कर दी।

विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार कार्यालय की ओर से 29 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, जामिया मिल्लिया इस्लामिया छात्र संघ (JMISU) के संविधान को 15 मई 2027 तक मंजूरी देकर लागू किया जाएगा। इसके बाद 16 जुलाई 2027 से शुरू होने वाले नए शैक्षणिक सत्र के छह सप्ताह के भीतर छात्र संघ चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया लिंगदोह समिति की सिफारिशों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी की जाएगी। इस समयसीमा के आधार पर अगस्त 2027 तक चुनाव होने की संभावना है।

प्रशासन ने आंदोलन में शामिल छात्रों को जारी किए गए कारण बताओ नोटिस, निलंबन, निष्कासन और परिसर में प्रवेश पर लगाए गए प्रतिबंधों सहित सभी संबंधित अनुशासनात्मक कार्रवाइयों को वापस लेने का भी आदेश दिया है।

छात्र 12 अक्टूबर से छात्र संघ बहाली और चुनाव की निश्चित तारीख घोषित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। कुछ छात्रों ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल भी शुरू की थी। इससे पहले प्रशासन की ओर से चुनाव कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन संविधान को मंजूरी देने की समयसीमा तय नहीं होने के कारण छात्रों ने उसे स्वीकार नहीं किया था।

जामिया में छात्र संघ को वर्ष 2006 में भंग कर दिया गया था। तब से विश्वविद्यालय में केंद्रीय स्तर पर चुनाव नहीं हुए थे। अब नए आदेश से दो दशक बाद निर्वाचित छात्र प्रतिनिधित्व बहाल होने की उम्मीद जगी है।


Hashtags: #DelhiState #Delhi #जामिया #साल #बाद #होंगे #छात्र #संघ #चुनाव #जामियामें20साल