सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: दिल्ली रैली से 10 हजार करोड़ के कारोबार पर संकट, सोनिया गांधी को व्यापारियों ने लिखा पत्र

नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस और INDIA गठबंधन की महारैली को लेकर व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। राजधानी के व्यापारिक संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर रैली की तारीख बदलने की अपील की है। संगठन का कहना है कि रैली के कारण दिल्ली के करीब 20 प्रमुख थोक और खुदरा बाजारों का कारोबार प्रभावित हो सकता है। व्यापारियों ने आशंका जताई है कि इससे 10 हजार से 12 हजार करोड़ रुपये तक के व्यापार पर असर पड़ सकता है।

CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल के मुताबिक, रामलीला मैदान के पांच किलोमीटर के दायरे में चांदनी चौक, सदर बाजार, खारी बावली, भागीरथ पैलेस, कश्मीरी गेट, चावड़ी बाजार, करोल बाग और कनॉट प्लेस सहित कई बड़े बाजार स्थित हैं। इन बाजारों में प्रतिदिन हजारों व्यापारी, ग्राहक और मालवाहक वाहन पहुंचते हैं। संगठन का अनुमान है कि रैली में करीब 10 लाख लोग शामिल हो सकते हैं, जिनके आवागमन के लिए 15 से 20 हजार वाहनों की जरूरत पड़ सकती है।

व्यापारियों को आशंका है कि इतनी बड़ी भीड़ के कारण जेएलएन मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग और अजमेरी गेट जैसे प्रमुख रास्तों पर जाम लग सकता है। इससे बाजारों तक ग्राहकों की पहुंच और माल की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। संगठन ने बताया कि त्योहारों के दौरान कारोबार पहले से ही चरम पर है। 6 नवंबर को धनतेरस और 8 नवंबर को दीपावली होने के कारण यह समय व्यापारियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

CTI ने सोनिया गांधी से रैली को 10 नवंबर के बाद आयोजित करने का अनुरोध किया है। वैकल्पिक रूप से संगठन ने रैली का स्थान रामलीला मैदान से बदलकर बुराड़ी मैदान करने का सुझाव दिया है। संगठन ने स्पष्ट किया कि वह रैली का विरोध नहीं कर रहा, बल्कि त्योहारों के दौरान व्यापारियों और आम नागरिकों को होने वाली संभावित परेशानियों से बचाना चाहता है। व्यापारियों की मांग पर कांग्रेस नेतृत्व की प्रतिक्रिया का इंतजार है।


Hashtags: #DelhiState #Delhi #दिल्ली #रैली #हजार #करोड़ #कारोबार #संकट #सोनिया #दिल्लीरैलीसे10