सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों को अब भीड़भाड़ वाले कोच में चढ़ने की परेशानी से राहत मिल सकती है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने पिंक लाइन पर रियल टाइम कोच ऑक्यूपेंसी डिस्प्ले सुविधा शुरू कर दी है। इसके माध्यम से यात्री ट्रेन आने से पहले ही प्लेटफॉर्म पर लगी स्क्रीन देखकर पता लगा सकेंगे कि किस कोच में कितनी भीड़ है और किसमें अपेक्षाकृत अधिक जगह उपलब्ध है।

यह सुविधा पहले से ही मैजेंटा लाइन पर वर्ष 2022 से संचालित है। अब इसे पिंक लाइन पर भी लागू कर दिया गया है। पिंक लाइन मजलिस पार्क से शिव विहार तक चलती है और इसमें मौजपुर-बाबरपुर का गोलाकार मार्ग भी शामिल है।

इस व्यवस्था के तहत मेट्रो के प्रत्येक कोच में लोड सेंसर लगाए गए हैं। ये सेंसर कोच का मौजूदा वजन मापते हैं और उसकी तुलना खाली कोच के वजन से करते हैं। इस अंतर के आधार पर यात्रियों की अनुमानित संख्या और भीड़ का प्रतिशत निर्धारित किया जाता है। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचने से कुछ समय पहले छह कोचों की जानकारी सी-1 से सी-6 के क्रम में प्लेटफॉर्म पर लगी यात्री सूचना प्रदर्शन स्क्रीन पर दिखाई देती है।

इस सुविधा से यात्री अपनी जरूरत के अनुसार कम भीड़ वाले कोच की ओर पहले ही पहुंच सकेंगे। विशेष रूप से सुबह और शाम के व्यस्त समय में इससे यात्रियों को सहूलियत मिलने की उम्मीद है। साथ ही किसी एक कोच में अत्यधिक भीड़ जमा होने की स्थिति को कम करने और सभी डिब्बों में यात्रियों का संतुलित वितरण करने में भी मदद मिलेगी।

डीएमआरसी के अनुसार, पिंक लाइन का गोलाकार मार्ग और विभिन्न हिस्सों के बीच आंकड़ों का समन्वय इस प्रणाली को लागू करने में चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद अब इस सुविधा का विस्तार कर दिया गया है।


Hashtags: #DelhiState #Delhi #दिल्ली #मेट्रो #पहले #दिखेगी #कोचों #भीड़ #सीएनएन #दिल्लीमेट्रोमेंअब