सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: नई दिल्ली। दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार रात एक जूता निर्माण फैक्ट्री में भीषण आग लगने से चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा फेज-1 स्थित फैक्ट्री में रात करीब 9:30 बजे हुआ। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

दमकल विभाग के अनुसार, आग सबसे पहले फैक्ट्री के बेसमेंट में लगी थी, जहां जूते बनाने और रखने का काम होता था। बेसमेंट से उठा घना धुआं ऊपरी मंजिलों तक फैल गया, जिससे वहां मौजूद मजदूरों को बाहर निकलने में परेशानी हुई। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बचाव अभियान के दौरान छह लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया और संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने चार को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों का उपचार जारी है।

दमकल अधिकारी पारस कुमार के मुताबिक, धुएं के कारण एक व्यक्ति को तीसरी मंजिल की सीढ़ियों से और पांच अन्य लोगों को चौथी मंजिल से बाहर निकाला गया। आग को बेसमेंट तक सीमित रखने में दमकल कर्मियों को सफलता मिली। इसके बाद घटनास्थल पर कूलिंग की प्रक्रिया भी पूरी की गई।

आउटर जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया और ठेकेदार तथा कर्मचारियों से भी जानकारी जुटाई। मामले में गैर इरादतन हत्या से संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के समय फैक्ट्री में कितने मजदूर मौजूद थे और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।


Hashtags: #DelhiState #Delhi #मंगोलपुरी #जूता #फैक्ट्री #भीषण #चार #मजदूरों #मौत #मंगोलपुरीकीजूताफैक्ट्री